चलती राजधानी एक्सप्रेस में आग, दो कोच जलकर खाक; दिल्ली-मुंबई रेल रूट प्रभावित

नई दिल्ली।
त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस (12431) में रविवार सुबह अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

हादसा कोटा रेल मंडल के लूणीरीच्छा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच हुआ। आग ट्रेन के बी-1 कोच से शुरू हुई और देखते ही देखते दो कोच इसकी चपेट में आ गए।

गार्ड की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

सुबह करीब 5:20 बजे धुआं उठता देख गार्ड ने तुरंत लोको पायलट को सूचना दी। इसके बाद ट्रेन को तत्काल रोका गया।

रेलवे कर्मचारियों और स्टाफ ने तेजी दिखाते हुए करीब 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे कोचों में शिफ्ट किया। समय रहते रेस्क्यू होने से बड़ा हादसा टल गया।

दो कोच पूरी तरह जले, कोई जनहानि नहीं

फायर ब्रिगेड और रेलवे राहत दल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का काम शुरू किया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग में दो कोच बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।

दिल्ली-मुंबई रेल ट्रैक पर असर

राजधानी एक्सप्रेस में आग लगने के बाद दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर रेल यातायात प्रभावित हो गया। कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा, जबकि कुछ ट्रेनों के रूट और टाइमिंग में बदलाव किया गया।

रतलाम मंडल से राहत ट्रेन रवाना

रतलाम रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही रतलाम से एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन और टावर वैगन रवाना की गई। रेलवे अधिकारी आग लगने के कारणों की जांच में जुट गए हैं।

तकनीकी जांच शुरू

रेलवे सूत्रों के अनुसार आग लगने के पीछे शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *