पीएम मोदी के दौरे से पहले बदरी-केदारनाथ में हुई बर्फबारी, आज कैसा रहेगा मिजाज

देहरादून
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला-बदला है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दौरे से पहले गुरुवार को बदरीनाथ व केदारनाथ में मौसम बिगड़ा और जोरदार बर्फबारी हुई। अब ये देखना होगा कि आज शुक्रवार को उत्‍तराखंड का मौसम कैसा रहने वाला है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी चोटियों पर बर्फबारी के आसार हैं। घने बादलों के बीच केदारघाटी में हल्की वर्षा के भी हो सकती हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में हवाई सेवाओं को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
 
गुरुवार को केदारनाथ में जमकर हुई बर्फबारी
गुरुवार को केदारनाथ धाम में जमकर बर्फबारी हुई। शाम को बर्फबारी से धाम में सफेद चादर बिछ गई। बदरीनाथ की चोटियों पर भी बर्फबारी का क्रम जारी है।इसके अलावा हेमकुंड साहिब, गंगोत्री, यमुनोत्री समेत आसापास की चोटियों पर भी बर्फबारी हो रही है। कुमाऊं में बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भी बर्फबारी जारी है।

 आज 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का अनुमान
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, प्रदेश में शुक्रवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है। 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का अनुमान है।

केदारनाथ और बदरीनाथ में छाए रह सकते हैं बादल
निचले क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। केदारनाथ और बदरीनाथ में बादल छाए रह सकते हैं। बर्फबारी और बूंदाबांदी की आशंका है। हवाई सेवाओं को लेकर बेहद सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

See also  Security Council की पहली भारत-मध्य एशिया बैठक, NSA डोभाल बोले- अफगानिस्तान हम सबके लिए एक महत्वपूर्ण मुद्दा

भूस्खलन से जौनसार बावर के छह मोटर मार्ग बंद
वर्षाकाल चला गया, सर्दी शुरू हो गई है, लेकिन जनजाति क्षेत्र जौनसार बावर में भूस्खलन की समस्या थम नहीं रही है। जिसके चलते भूस्खलन की वजह से मलबा गिरने पर छह मोटर मार्ग बंद होने के कारण लोग परेशान हैं। बंद मार्गों से जुड़े किसानों की कृषि उपज अदरक, गागली, टमाटर, बीन्स, हरा धनिया समय पर मंडी नहीं पहुंचने से नुकसान उठाना पड़ रहा है। बंद मार्गों की वजह से वाहन चालक भी परेशान हैं। त्योहारी सीजन को देखते हुए ग्रामीणों ने लोनिवि अधिकारियों से बंद मार्गों को जल्द खोलने की मांग की है। लोनिवि साहिया का एक व लोनिवि चकराता के पांच मोटर मार्ग बंद होने के कारण तीन दर्जन से अधिक गांवों, मजरों आदि के ग्रामीणों की दुश्वारियां बढ़ गई है। मलबा आने से बंद लोनिवि साहिया का निछिया पिहानी मोटर मार्ग नौ दिन बाद भी नहीं खुल पाया है।

लोनिवि चकराता का बिरमौ मार्ग दूसरे दिन भी नहीं खुल पाया है। गुरुवार सुबह रोटा खड्ड अटाल, बौराड़, सजड़, क्वांसी जोगियो मोटर मार्ग बंद हो गए। बंद मार्गों के कारण ग्रामीणों की दिक्कतें बढ़ गई है। उधर, लोनिवि के अधिशासी अभियंता प्रत्युष कुमार के अनुसार बंद मार्गों को खोलने के लिए जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *