नहीं लूटने दूंगा कांग्रेस को गरीबों का पैसा, DBT से लगा अंकुश: पीएम मोदी

जबलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जबलपुर में कहा कि ‘ना गरीबों का पैसा लूटने दूंगा और ना ही कांग्रेस के नेताओं की तिजोरी भरने दूंगा। हमने जनधन, आधार और मोबाइल की ऐसी त्रिशक्ति बनाई कि कांग्रेस का भ्रष्ट तंत्र तहस नहस हो गया। आज गरीबों का पैसा गरीबों के हित में लग रहा। मोदी ने कहा 2014 के पहले हजारों करोड़ के घोटाले हेडलाइन बना करते थे। गरीबों पर खर्च होने वाला पैसा कांग्रेस नेताओं की तिजोरियों में जा रहा था। हमने कांग्रेस सरकार की बनाई भ्रष्ट व्यवस्थाओं को बदलने का अभियान चलाया।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जबलपुर में रानी दुर्गावती की 500वीं जयंती के मौके पर वीरांगना रानी दुर्गावती स्मारक एवं उद्यान का शिलान्यास किया। साथ ही दुर्गावती स्मारक पर डाक टिकट और सिक्के भी जारी किए। प्रधानमंत्री मोदी ने मंच से ही देश के अलग-अलग क्षेत्र से जुड़े 12 हजार 600 करोड़ के डेवलपमेंट प्रोजेक्ट का भूमिपूजन और लोकार्पण भी किया। पीएम मोदी का 11 दिन में एमपी का ये तीसरा दौरा है। जबकि पिछले 6 महीने में प्रधानमंत्री मोदी 9वीं बार मध्यप्रदेश आए हैं।

प्रधानमंत्री मोदी के भाषण के मुख्य अंश

**भाजपा सरकार गरीबों की सरकार है। अपने परिवार को आगे बढ़ाने के लिए कुछ लोग प्रपंच कर रहे हैं। लेकिन मोदी की गारंटी है एमपी विकास में टॉप पर आएगा।

**भाजपा की डबल इंजन सरकार की प्राथमिकता वंचितों को वरीयता है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से महिलाओं को उनका हक देने का काम भी भाजपा ने किया है।

**आजादी के बाद दशकों तक जो दल सरकार में बैठा रहा, उसने एक ही काम किया, एक ही परिवार की चरण वंदना की। देश की परवाह नहीं की। देश को आजादी सिर्फ एक परिवार ने नहीं दिलाई थी, देश का विकास सिर्फ एक ही परिवार ने नहीं किया।

** जिस दल ने इतने सालों तक देश में सरकार चलाई, उसने आदिवासियों को सम्मान नहीं दिया। आदिवासियों के योगदान को पहचान क्यों नहीं दी? देश को पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति देने का सौभाग्य भी भाजपा को मिला।

**पूरी दुनिया भारत का गुणगान कर रही है, वहीं वो राजनीतिक दल जिनका सब लुट गया है, उन्हें सिवाय कुर्सी के कुछ दिखता नहीं है। अब ये इस हद तक गए है कि भाजपा को गाली देते देते भारत को गाली दे रहे हैं। ये लोग आए दिन डिजिटल इंडिया के लिए हमारा मजाक उड़ाते है। इन लोगों ने कोरोना वैक्सीन पर भी सवाल उठाए।

**आज भारत का आत्मविश्वास नई बुलंदी पर है। आज भारत के हर युवा को लगता है कि ये समय भारत के युवा का समय है। भारत के युवा स्टार्टअप में कमाल कर रहे हैं।

**मध्यप्रदेश के लिए ये महत्वपूर्ण समय है। मध्यप्रदेश आज एक ऐसे मुहाने पर है। जहां विकास में कोई भी रुकावट, उसके विकास की गति में कोई भी गिरावट, 20-25 साल में भी लौटेगी नहीं। विकास को रुकने नहीं देना है, अटकने नहीं देना है।

**कांग्रेस के एक प्रधानमंत्री कहते थे कि एक रुपए भेजते हैं, तो 15 पैसा पहुंचता है। 85 पैसे कौन सा पंजा खींच लेता था।

**मोदी ने आकर सब साफ कर दिया। ना गरीबों का पैसा लूटने दूंगा और ना ही कांग्रेस के नेताओं की तिजोरी भरने दूंगा। हमें जनधन, आधार और मोबाइल की ऐसी त्रिशक्ति बनाई कि कांग्रेस का भ्रष्ट तंत्र तहस नहस हो गया। आज गरीबों का पैसा गरीबों के हित में लग रहा।

**हमने कांग्रेस सरकार की बनाई भ्रष्ट व्यवस्थाओं को बदलने का अभियान चलाया। 11 करोड़ फर्जी नामों को हमने सरकारी दफ्तरों से हटाया।

**जो आज 20-22 साल के है उन्हें पता ही नहीं होगा कि मोदी के आने से पहले क्या हाल था। तब हजारों करोड़ों रुपए के घोटाले हेडलाइन बना करते थे। गरीब पर खर्च होने वाला पैसा कांग्रेस नेताओं की तिजोरियों में जा रहा था।

**दुनिया के किसी देश में रानी दुर्गावती होती तो वो देश दुनिया में उछल कूद करता। लेकिन हमारे देश में ऐसे महापुरुषों को भुला दिया गया।
……………………………..
कांग्रेस ने एक परिवार का महिमा मंडन किया

प्रधानमंत्री ने कहा कि एक सरकार पहले सालों तक रही उसने एक खानदान के लोगों का ही महिमामंडन किया। रानी दुर्गावती की प्रतिमा भी भाजपा सरकार ने लगाई। कांग्रेस ने कभी पेसा एक्ट लागू नहीं किया। ये काम करने का सौभाग्य भी हमें मिला। आज पेसा एक्ट जल, जमीन और जंगल का अधिकार दे रहा है। पेसा एक्ट के तहत गांव में छोटे-मोटे विवाद समितियां भी निपटा देती है। पेसा को जमीन पर उतारकर आदिवासी समाज का कल्याण किसी ने किया तो भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किया।

स्मारक में 52 फीट ऊंची प्रतिमा लगेगी

स्मारक एवं संग्रहालय में वीरांगना रानी दुर्गावती की अष्टधातु से बनी प्रतिमा लगाई जाएगी। यह प्रतिमा 52 फीट ऊंची होगी। संग्रहालय में स्वतंत्रता संग्राम की लड़ाई लड़ने वाले आदिवासी योद्धाओं की शौर्य गाथा को भी चित्रित किया जाएगा। यहां ओपन थिएटर भी बनाया जाएगा। साथ ही, रानी दुर्गावती की जीवन गाथा को बताने के लिए लाइट एंड शो का मंचन करने का प्रावधान भी स्मारक एवं संग्रहालय में किया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *