गर्मी से पहले मौसम का वार: 9 राज्यों में तूफानी अलर्ट, MP में आंधी-ओलों की मार

” गर्मी शुरू होने से पहले ही मौसम ने अचानक करवट लेकर देश के कई राज्यों में कहर बरपाना शुरू कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती सिस्टम के चलते मध्यप्रदेश समेत 9 राज्यों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। “

भोपाल।
मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ व चक्रवात का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव है। इसके चलते बीती रात भोपाल समेत कई जिलों में तेज हवा चली।

बीते 24 घंटों के दौरान 15 से ज्यादा जिलों में बारिश भी हुई। शुक्रवार को सुबह से भोपाल समेत कई जिलों में बादल छाए हैं। शाम तक कई जिलों में तेज हवा चलने व आंधी-बारिश के आसार हैं।

गुरुवार को प्रदेश के 15 से ज्यादा जिलों में कहीं बारिश हुई तो कहीं तेज आंधी चली। सीहोर में एक बेवसीरिज की शूटिंग प्रभावित हुई। मऊगंज में बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई।

 इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग इन जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। इनमें अलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और सिवनी में ऑरेंज अलर्ट है।

यहां तेज आंधी,बारिश के आसार

आज मप्र के 42 जिलों में आंधी-बारिश का अनुमान है।  इनमें भोपाल, इंदौर,उज्जैन, जबलपुर, नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, देवास, गुना, अशोकनगर, विदिशा, सीहोर, हरदा, बैतूल, नर्मदापुरम, रायसेन, सागर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, मैहर, कटनी, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी, अनूपपुर, मंडला और बालाघाट शामिल हैं।

6 अप्रैल बाद आंधी-पानी से राहत

मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिन यानी 6 अप्रैल तक प्रदेश में तेज आंधी भी चलेगी। कुछ जिलों में इसकी अधिकतम रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक रहेगी।

इसके बाद मौसम नए रंग में होगा। प्रदेश में सूरज की तपिश बढ़ेगी। तेज गर्मी के साथ लू चलने के आसार भी हैं। मौसम विभाग के अनुसार,15 अप्रैल बाद गर्मी पूरे शबाब पर होगी।

कई राज्यों में बदला रहेगा मौसम

मध्यप्रदेश ही नहीं,अन्य राज्यों में भी कुछ इसी तरह के हालात हैं। दिल्ली में शुक्रवार सुबह धूलभरी आंधी चली। राजस्थान के जैसलमेर में आज सुबह बारिश हुई। अन्य जिलों में भी तेज हवा व बारिश के आसार हैं।

हरियाणा,पंजाब,उत्तराखंड व उप्र के कई जिलों में भी कमोवेश मौसम के यही हाल हैं। जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में हिमस्खलन की चेतावनी मौसम विभाग ने जारी की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *