जनजातीय कार्य विभाग की चैम्पियन 90 योजना का हुआ शुभारंभ

भोपाल

शासकीय स्कूलों के प्रतिभाशाली बच्चे मार्गदर्शन और कोचिंग के अभाव में आईआईटी और एनआईटी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं को पास नहीं कर पाते। इस कमी को दूर करने के लिए चैम्पियन-90 योजना प्रारंभ की जा रही है। यह बात आयुक्त जनजातीय कार्य आयुक्त संजय सिंह ने नवोदय शासकीय स्कूल कटारा हिल्स में चैम्पियन-90 योजना का शुभारंभ करते हुए कही। उन्होंने कहा कि यह एक सुअवसर है, जिससे बच्चे अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।

आयुक्त सिंह ने बच्चों से कहा कि सपने देखें और उनकों पूरा करने के लिए भरसक प्रयास भी करें। उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन की बातों को साझा कर बच्चों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि सही समय पर एवं सही दिशा में लगन के साथ प्रयास करने पर सफलता अवश्य मिलती है। शिक्षा ही एक ऐसा माध्यम है, जिसके द्वारा जीवन में जो चाहो प्राप्त किया जा सकता है। सिंह ने कहा कि नि:शुल्क आवासीय कोचिंग के लिए भोजन, आवास एवं शिक्षण सामग्री की समुचित व्यवस्था की गई है। चयनित सभी बच्चे एक-दूसरे की सहायता करते हुए ग्रुप स्टडी भी करें।

अपर संचालक अनुसूचित जाति विकास संजय वार्ष्णेय ने कहा किचैम्पियन-90 योजना द्वारा शासकीय विद्यालयों के एससी-एसटी विद्यार्थियों के लिए व्यावसायिक एप्रोच के साथ व्यवस्थित कोचिंग मुहैया कराई जा रही है। इस आवासीय कोचिंग में फिटजी की कोचिंग के साथ अंग्रेजी और साइकोलॉजी विषय के शिक्षक भी पढ़ाएगें। वार्ष्णेय ने उपस्थित पालकों को आश्वस्त किया कि सभी बच्चों के भोजन, आवास एंव पढ़ाई की सर्वोत्तम व्यवस्था की जाएगी।

See also  कृषि मंत्री पटेल ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से की मुलाकात

शिक्षक दिवस पर ज्ञानोदय विद्यालय के सभी शिक्षकों को पुष्प-गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालय के 10वीं और 11वीं के मेधावी छात्रों को भी सम्मानित किया गया। चैम्पियन-90 कोचिंग के लिए स्क्रीनिंग टेस्ट द्वारा चयनित 80 बच्चों को फिटजी संस्था द्वारा स्टडी किट और टेबलेट वितरित किये गये।

आवासीय कोचिंग के लिये चयनित बच्चों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि हम बच्चों के लिए यह एक सुनहरा अवसर है। इसके माध्यम से हम अपने सपनों को साकार कर पायेंगे। साथ ही हमारे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ भी नहीं आयेगा। आयुक्त एवं अन्य अधिकारियों ने स्मार्ट क्लास एवं स्टडी रूम का निरीक्षण किया। कार्यक्रम में नवोदय स्कूल के विद्यार्थी एवं चयनित विद्यार्थियों के अभिभावक उपस्थित थे।

चैम्पियन-90 योजना

जनजातीय कार्य विभाग ने निजी कोचिंग संस्थान फिटजी के साथ मिल कर 'चैम्पियन-90’ पहल शुरू की है। यह संस्थान अपने सी.एस.आर. फंड से इन विद्यार्थियों को सभी आधुनिक सुविधाओं से परिपूर्ण कोचिंग सुविधा देगा। साथ ही हर विद्यार्थी को शैक्षणिक तैयारी के लिए एक टेबलेट भी नि:शुल्क प्रदान किया जाएगा। यह टेबलेट कोचिंग संस्थान के शैक्षणिक सॉफ्टवेयर से जुड़ा होगा। इसमें विद्यार्थियों को ऑनलाइन शिक्षा सामग्री उपलब्ध होगी। साथ ही उन्हें अन्य जरूरी शैक्षणिक किताबें भी उपलब्ध करवाई जाएगी।

See also  दो पहिया वाहन चालकों को हेलमेट लगवाने मप्र पुलिस पुलिस ने छेड़ा व्यापक अभियान

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *