बांध से जनता को कोई खतरा नहीं रहे : मुख्यमंत्री चौहान

भोपाल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि धार जिले के कारम बांध से जनता को कोई खतरा नहीं रहे। ग्रामीणों को हाई अलर्ट पर रखें। मुख्यमंत्री चौहान ने वल्लभ भवन सिचुएशन रूम से सायं 5 बजे कारम बांध की स्थिति की पुन: समीक्षा की। उन्होंने बांध से पानी बाहर निकालने के लिए अधिकारियों से विचार-विमर्श कर आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री चौहान ने बांध से पानी निकलने की लाइव स्थिति देखकर संबंधित अधिकारियों से कहा कि जनता की जिंदगी बचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस कार्य में पूरी मुस्तैदी से लगे रहें।

मुख्यमंत्री चौहान को कारम बांध पर उपस्थित अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि पानी निकलना पहले से बढ़ गया है। लोगों को अलर्ट कर दिया गया है। बैठक में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव गृह राजेश राजौरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री चौहान ने इंदौर कमिश्नर पवन शर्मा से कहा कि धीरे-धीरे पानी का फ्लो बढ़ रहा है। मिट्टी धसकने की संभावना है, कोई दुर्घटना न हो इसके लिए गाँव खाली रखे जाएँ। ग्रामीणों को हाई अलर्ट कर दिया जाए। पशुओं को गाँव में वापस नहीं आने दिया जाए।

जन-प्रतिनिधि और ग्रामीणजन प्रशासन का पूरा सहयोग करें

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि रात में पानी अचानक आ सकता है, अत: पूरी सावधानी रखें। लोगों को पूरा सहयोग दिया जाए। उन्होंने ग्रामीणों से भी सहयोग की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक भी व्यक्ति को परेशानी नहीं हो। एक भी जनहानि और पशुहानि न हो। परीक्षा की इस घड़ी में सभी खरे उतरें। पानी का बहाव तेजी से बढ़ रहा है। धार और खरगोन जिले के प्रभावित सभी ग्रामीणजन अभी गाँव में वापस न आयें। कोई पशु गाँव में न रहे। जन-प्रतिनिधियों से भी सहयोग की अपील है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन के साथ मिलकर जरूरी व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहे युवाओं के प्रयास सराहनीय हैं। सभी ग्रामीणों को सुरक्षित रखने के लिए सतर्क रहने की आवश्यकता है।

See also  Goodnews :प्रदेश में 7500 पदों पर होगी पुलिस कांस्टेबल भर्ती ,नियमों में भी हुआ बदलाव

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *