उमरिया: पाली नपा अध्यक्ष ने निकाली विकास यात्रा,मिला बेहतर प्रतिसाद

31

विक्की दाहिया,पाली। शिवराज सरकार द्वारा निकाली जा रही विकास यात्रा को जिले में बेहतर प्रतिसाद मिल रहा है। इसी क्रम में पाली नगर पालिका अध्यक्ष शकुंतला प्रधान एवं भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पांडे के नेतृत्व में नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत विकास यात्रा निकाली गई।

इस दौरान सुश्री प्रधान ने लोगो को बताया कि प्रदेश में हुए विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के  ठोस क्रियान्वयन ने प्रदेश की सकल घरेलू दर 19 प्रतिशत का आंकड़ा पार कर गई है। जो राष्ट्रीय विकास दर से भी कहीं अधिक है। उन्होंने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार अंत्योदय के लक्ष्य को लेकर काम कर रही है।

पेसा एक्ट को प्रभावी तरीके से किया लागू

सुश्री प्रधान ने कहा कि प्रदेश के आदिवासी विकासखंडों में पेसा एक्ट को प्रभावी तरीके से लागू किया जाना इसकी बानगी है। इसके अंतर्गत संबंधित विकासखंड की ग्राम सभाओं को अनेक महत्वपूर्ण ​अधिकार दिए गए हैं। जो समूची पंचायत एवं इनके रहवासियों के आर्थिक सशक्तिकरण का मार्ग प्रशस्त करेंगे। सुश्री प्रधान ने कहा कि प्रदेश में पहली बार आठ सौ अधिक वन ग्रामों को राजस्व ग्रामों में बदलकर संबंधित ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान किया गया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश पर साठ साल से अधिक समय तक शासन किया,लेकिन जनजातीय वर्ग को उसने वोट बैंक से अधिक कुछ नहीं समझा। वहीं प्रदेश की शिवराज सरकार ने विशेष जनजातीय वर्ग की गरीब महिलाओं की सुध लेते हुए उन्हें एक हजार रुपए मासिक की ​आर्थिक सहायता शुरू की। वहीं युवा वर्ग को स्वावलंबी एवं आत्मनिर्भर बनाने उन्हें आपका राशन आपके ग्राम योजना से जोड़कर उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए।

सुश्री प्रधान ने कहा कि गरीब वर्ग की बेटियों के जन्म से लेकर उनके विवाह तक विवाहोपरांत भी उनके जीवन को सुगम बनाने की चिंता की। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में मप्र यदि आज देश में नंबर एक है तो  इसका श्रेय निश्चित तौर पर प्रदेश के मुखिया एवं लोकप्रिय जन नेता शिवराज सिंह चौहान को जाता है।

शीघ्र ही लाडली बहना योजना होगी  शुरू

नपा अध्यक्ष ने कहा कि गरीब महिलाओं की आर्थिक सहायता के लिए प्रदेश सरकार शीघ्र ही लाडली बहना योजना शुरू करने जा रही है। आगामी 27 फरवरी से शुरू हो रहे राज्य विधानसभा के बजट सत्र में इसे कानूनी स्वरूप प्रदान करने के बाद आगामी एक अप्रैल से इसे प्रदेशभर में लागू किया जाएगा। इससे पहले राज्य सरकार द्वारा गरीब वर्ग की बेटियों के लिए शुरू की गई लाडली लक्ष्मी योजना ने लाखों बालिकाओं का भविष्य  संवारा है।

प्रत्येक वर्ग के कल्याण की दिशा में काम

सुश्री प्रधान ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रत्येक वर्ग के कल्याण की दिशा में काम कर रही है। प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजनान्तर्गत प्रदेश में अब तक 24 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों को पक्की छत मुहैया कराई जा चुकी है।

वहीं शहरी आवास योजनान्तर्गत भी बहुमंजिला भवन तैयार कर लाखों गरीब परिवारों के उनके अपने पक्के घर के सपने को यदि किसी ने साकार किया तो वह देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश की शिवराज सरकार ने ​किया,लेकिन कांग्रेस को यह बात रास नहीं आ रही है। वह भ्रम फैलाकर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है,लेकिन जिले की जनता उसे बखूबी समझ चुकी है और वह उनके मंसूबों को कामयाब नहीं होने देगी।

यात्रा के दौरान लोगों को राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उन्हें उनके अधिकारों से भी अवगत कराया गया । इस दौरान प्रदेश भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पांडे के अलावा भाजपा के युवा नेता विष्णु विश्वकर्मा,राशिद खान सहित बड़ी संख्या में नपा क्षेत्र के प्रशासनिक अधिकारी ,कर्मचारी भी मौजूद थे।

​(पूर्व में इस समाचार में अज्ञानतावश सुश्री प्रधान के संबोधन में श्रीमती शब्द का उपयोग हो गया था। इसका हमें खेद है। )