भोपाल(9826019364)।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भोपाल एयरपोर्ट पर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है।
Z+ सुरक्षा प्राप्त केंद्रीय मंत्री को एयरपोर्ट पर यात्रियों की भीड़ के बीच एयरोब्रिज से गुजरना पड़ा।
इतना ही नहीं, जिस विमान से उन्हें दिल्ली जाना था, एयरलाइन ने बिना पूर्व सूचना विमान और उनकी सीट तक बदल दी।
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अब नागरिक उड्डयन मंत्रालय तक शिकायत पहुंच गई है।
घटना 23 नवंबर 2026 की बताई जा रही है। शिवराज सिंह चौहान दिल्ली जाने के लिए इंडिगो की फ्लाइट 6E-6259 से यात्रा कर रहे थे।
उनके सुरक्षा अधिकारी हरेंद्र सिंह ठाकुर ने इस संबंध में लिखित रिपोर्ट तैयार की है।
रिपोर्ट के आधार पर केंद्रीय कृषि मंत्री के OSD भूपेंद्र सिंह परस्ते ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के
निजी सचिव IAS श्रीकेश लाठकर को पत्र लिखकर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
यात्रियों की भीड़ के बीच फंसे रहे शिवराज
शिकायत में सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी सबसे गंभीर चूक बोर्डिंग के दौरान बताई गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, Z+ सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत संबंधित व्यक्ति को सामान्य
यात्रियों के विमान में सवार होने के बाद बोर्डिंग के लिए ले जाना चाहिए।
लेकिन 23 नवंबर को शिवराज सिंह चौहान को यात्रियों से भरे एयरोब्रिज की ओर ले जाया गया।
वहां यात्रियों की भीड़ के कारण उन्हें सुरक्षा घेरे के बीच रास्ते में रुकना पड़ा।
सुरक्षा अधिकारी की रिपोर्ट में इस स्थिति को निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था के विपरीत बताया गया है।
सवाल उठाया गया है कि केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा से जुड़ी पूर्व सूचना होने के बावजूद बोर्डिंग की व्यवस्था अलग से क्यों नहीं की गई।
बिना सूचना बदल दिया विमान और सीट
शिकायत में इंडिगो की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए हैं।
आरोप है कि फ्लाइट नंबर 6E-6259 वही रहने के बावजूद एयरलाइन ने विमान बदल दिया।
इसके साथ ही शिवराज सिंह चौहान की निर्धारित सीट भी बदल दी गई।
इस बदलाव की सूचना केंद्रीय मंत्री के कार्यालय और सुरक्षा अधिकारियों को पहले नहीं दी गई।
विमान में पहुंचने के बाद सीट बदलने की जानकारी सामने आई।
सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि Z+ सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति की यात्रा व्यवस्था में
इस तरह का बदलाव संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को विश्वास में लेकर किया जाना चाहिए था।
स्वागत और लगेज संभालने के लिए भी नहीं था स्टाफ
रिपोर्ट में एयरपोर्ट प्रशासन और प्रोटोकॉल व्यवस्था की अनुपस्थिति का भी उल्लेख किया गया है।
शिकायत के मुताबिक, शिवराज के एयरपोर्ट पहुंचने पर उन्हें रिसीव करने और लगेज
संभालने के लिए कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं था।
तत्कालीन ATM सिद्धार्थ यादव और प्रोटोकॉल स्टाफ की गैरमौजूदगी में
सुरक्षा कर्मियों को ही लगेज अंदर ले जाने की जिम्मेदारी संभालनी पड़ी।
इसके अलावा शिवराज के साथ यात्रा कर रहे सहयात्रियों को भी सुरक्षा जांच और
बोर्डिंग के दौरान रोककर पूछताछ की गई।
इससे पूरी प्रक्रिया में देरी हुई और यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
पहले से दी गई थी शिवराज के आने की सूचना
OSD को भेजी गई रिपोर्ट में बताया गया है कि शिवराज सिंह चौहान के निवास से निकलने से
पहले ही उनके एयरपोर्ट पहुंचने की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई थी।
इसमें CISF के संपर्क अधिकारी, एयरपोर्ट प्रशासन, तत्कालीन
ATM और इंडिगो के कर्मचारियों को शामिल बताया गया है।
इसके बावजूद एयरपोर्ट पर आवश्यक व्यवस्थाएं नहीं होने का आरोप लगाया गया है।
रिपोर्ट में इस लापरवाही को गंभीर बताते हुए इसके पीछे संभावित पूर्वाग्रह की आशंका भी जताई गई है।
हालांकि, इस आशंका की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
AAI से लेकर CISF और इंडिगो तक शिकायत
OSD भूपेंद्र सिंह परस्ते ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के निजी सचिव को
लिखे पत्र में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत की प्रतियां कई संबंधित एजेंसियों को भी भेजी गई हैं।
– एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के महानिदेशक
– केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के महानिदेशक
– इंडिगो के महाप्रबंधक, दिल्ली और भोपाल
– मध्य प्रदेश के राज्य सत्कार अधिकारी – भोपाल कलेक्टर
अब संबंधित एजेंसियों से इस पूरे घटनाक्रम की जांच और जिम्मेदारी तय करने की मांग की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटनाक्रम ने वीआईपी सुरक्षा और एयरपोर्ट प्रबंधन के बीच समन्वय को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जब किसी Z+ सुरक्षा प्राप्त केंद्रीय मंत्री की यात्रा की सूचना पहले से संबंधित एजेंसियों को दी गई थी, तो
बोर्डिंग और विमान में बदलाव के दौरान सुरक्षा अधिकारियों को भरोसे में क्यों नहीं लिया गया?
Keywords:
-
शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan)
-
शिवराज की सुरक्षा में चूक
-
भोपाल एयरपोर्ट (Bhopal Airport)
-
Z+ सुरक्षा (Z Plus Security)
-
इंडिगो एयरलाइन (IndiGo Airlines)
-
इंडिगो फ्लाइट 6E-6259
-
भोपाल से दिल्ली फ्लाइट
-
केंद्रीय कृषि मंत्री
-
एयरपोर्ट सुरक्षा लापरवाही
-
शिवराज सिंह चौहान न्यूज
-
नागरिक उड्डयन मंत्रालय
-
CISF सुरक्षा
-
भोपाल एयरपोर्ट विवाद