सागर: जहरीली शराब से 11 मौतें,35 बीमार, UP से जुड़ा सप्लाई नेटवर्क, 6 दुकानें सील

सागर के बंडा क्षेत्र में कथित जहरीली-अवैध शराब से 11 मौतों के बाद हड़कंप मच गया। करीब 35 लोग बीमार हैं। जांच में शराब की सप्लाई ललितपुर से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। प्रशासन ने 6 शराब दुकानें सील कर सैंपलिंग शुरू कर दी है।

सागर।

मध्य प्रदेश के सागर जिले में कथित जहरीली-अवैध शराब से हुई मौतों के बाद जांच का दायरा मध्य प्रदेश से उत्तर प्रदेश तक पहुंच गया है।

पुलिस की प्राथमिक जांच में शराब की सप्लाई उत्तर प्रदेश के ललितपुर से जुड़े होने की बात सामने आई है।

चार गांवों में अब तक 11 लोगों की मौत हुई।

वहीं दो दर्जन से अधिक अस्पतालों में भर्ती है।

मौतों के बाद प्रशासन ने इलाके की छह शराब दुकानों को एहतियातन सील कर सैंपलिंग के निर्देश दिए हैं।

बंडा थाना क्षेत्र के नौरोजा और घुघरा खुर्द समेत आसपास के गांवों में शराब सेवन के बाद लोगों के बीमार पड़ने की सूचना शनिवार तड़के प्रशासन को मिली।

अब तक 11 मौतों की बात सामने आई है, जबकि कलेक्टर प्रतिभा पाल ने 10 मौतों की पुष्टि की है।

करीब 35 लोगों को अस्पताल लाया गया है।

गंभीर मरीजों को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल सागर में भर्ती कराया गया है।

पोस्टमॉर्टम में मिथाइल अल्कोहल का संदेह

कलेक्टर के मुताबिक, अब तक हुए दो-तीन पोस्टमॉर्टम में प्रथम दृष्टया मिथाइल अल्कोहल के सेवन की बात सामने आई है।

हालांकि मौतों की अंतिम वजह जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी।

अस्पताल पहुंचे कुछ मरीजों के शरीर नीले पड़ने और अकड़न जैसे लक्षण सामने आने की जानकारी डॉक्टरों ने दी है।

संदिग्ध मरीजों के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में अलग से बेड की व्यवस्था की गई है।

जांच अब ललितपुर तक पहुंची

एसपी अनुराग सुजानिया के अनुसार, प्रारंभिक जांच में शराब की सप्लाई उत्तर प्रदेश के ललितपुर से होने के संकेत मिले हैं।

पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

साथ ही ललितपुर में भी शराब के सप्लाई नेटवर्क और इससे जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

जांच का अहम सवाल अब यह है कि कथित अवैध शराब सागर के गांवों तक किस माध्यम से पहुंची

और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय थे।

छह शराब दुकानें सील, सैंपलिंग शुरू

                                                                  घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची कलेक्टर प्रतिभा पाल

घटना की गंभीरता को देखते हुए सागर कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी प्रभावित गांवों में पहुंचे।

अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और अस्पताल में भर्ती मरीजों के इलाज की स्थिति का जायजा लिया।

प्रशासन ने क्षेत्र की छह शराब दुकानों को एहतियातन सील कर उनके सैंपल लेने के निर्देश दिए हैं।

अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।

गांवों में घर-घर स्क्रीनिंग

प्रशासन अब प्रभावित गांवों में स्क्रीनिंग करा रहा है।

शराब पीने वाले लोगों की जांच की जा रही है।

जिन लोगों में उल्टी, सिरदर्द, बुखार या अन्य संदिग्ध लक्षण मिल रहे हैं,

उन्हें तत्काल स्वास्थ्य केंद्र भेजा जा रहा है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति ने शराब का सेवन किया है

और उसके बाद तबीयत बिगड़ रही है, तो वह लक्षणों को नजरअंदाज न करे और तुरंत अस्पताल पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मामले की तत्काल जांच के निर्देश दिए गए हैं

और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने ऐसी घटनाओं को सरकार की ओर से बर्दाश्त नहीं किए जाने की बात कही है।

डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने भी कहा कि घटना के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

वहीं, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने घटना को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं।

परिजन ने बताया, आधे घंटे में बिगड़ी हालत

                                                         (हादसे के ​विरोध में बंडा में प्रदर्शन करते कांग्रेस नेता,कार्यकर्ता)

बमुराबेड़ा गांव के रामकुमार दांगी ने मीडिया को बताया कि उनके चचेरे भाई समेत गांव में चार लोगों की मौत हुई है।

उनके मुताबिक, तीन लोगों ने एक साथ शराब पी थी।

इसके बाद उनकी हालत अचानक बिगड़ी और करीब आधे घंटे में उनकी मौत हो गई।

फिलहाल प्रशासन मौतों के वास्तविक कारण, शराब के स्रोत और पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटा है।

जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि कथित जहरीली शराब कहां तैयार हुई

और इसे सागर के गांवों तक किस नेटवर्क के जरिए पहुंचाया गया।


मृतकों की सूची

क्र. नाम पता उम्र
1 गोलू उर्फ चमन लोधी, पिता साहब सिंह ग्राम गूगरा खुर्द 45
2 दिग्विजय, पिता देवेंद्र लोधी ग्राम नौराज 28
3 करतार सिंह, पिता जोधन लोधी ग्राम नौराज 30
4 उज्जर सिंह, पिता विजय सिंह लोधी ग्राम गूगरा खुर्द 56
5 रोशन लोधी, पिता जगनाथ ग्राम पाटन, थाना विनायक 30
6 राजेंद्र, पिता मृत लोधी ग्राम नौराज, गूगरा 32
7 हरनाम, पिता धनश्याम राय ग्राम चौका 42
8 उत्तम नत्थू नायक ग्राम दलपतपुर 42
9 सुमेर सिंह दांगी, पिता पूरन ग्राम बमुरा 47
10 राजकुमार लोधी, पिता नन्हई लोधी ग्राम बमुरा 47
11 सुरेंद्र अहिरवार, पिता रघुलाल ग्राम लिधौरा 35

जिन्हें BMC रेफर किया गया

क्र. नाम पता उम्र
1 धनसिंह, पिता पप्पू आदिवासी ग्राम हिनौती 30
2 मच्छन, पिता अमरू ग्राम गूगरा
3 मंगल रजक, पिता अमरू रजक ग्राम गूगरा खुर्द 40
4 परम आदिवासी, पिता रामसिंह आदिवासी ग्राम हिनौती
5 चंद्रभान, पिता भुंतू लोधी ग्राम नौराज 48
6 अजय, पिता नत्थू लोधी ग्राम नौराज 30
7 विनोद, पिता कल्लू ग्राम गूगरा 50
8 राघवेंद्र, पिता किशोर लोधी ग्राम नौराज 32