रोजगार और स्व-रोजगार दिलाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता – वित्त मंत्री देवड़ा

भोपाल

वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में रोजगार और स्व-रोजगार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। प्रदेश की अर्थ-व्यवस्था निरंतर आगे बढ़ रही है। राज्य सरकार निर्माण-क्षेत्र में विशेष ध्यान दे रही है, जिसमें बड़ी संख्या में रोजगार उत्पन्न होंगे। देवड़ा आज उज्जैन में रोजगार दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

मंत्री देवड़ा ने हितग्राहियों से कहा कि आपके सुनहरे भविष्य का जो संकल्प लिया गया है, उसे पूरा करने में सरकार सहयोग करेगी। उन्होंने विभिन्न योजनाओं में ज़िले के 206 हितग्राहियों को 3 करोड़ 77 लाख रूपये के ऋण स्वीकृति-पत्र प्रदान किये।

मंत्री देवड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में बनी योजनाओं का मध्यप्रदेश को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई क्षेत्र नहीं छूटा जिसके लिए केंद्र की योजना नहीं बनी और प्रदेश को लाभ नहीं हो रहा। चाहे कृषि का क्षेत्र हो, सूक्ष्म एवं लघु उद्योग का क्षेत्र हो या स्टार्टअप नीति हो या कृषि उद्यमिता का क्षेत्र हो। हर क्षेत्र में रोजगार को ध्यान में रखते हुए योजनाएँ बनाई गई हैं।

मंत्री देवड़ा ने कहा कि हितग्राहियों को आत्म-निर्भर बनाने के लिए बिना गारंटी के बैंकों से ऋण उपलब्ध करवाया जाएगा। उद्यम क्रांति योजना में युवाओं को अपना उद्योग स्थापित करने के लिए शासन ऋण और ब्याज अनुदान भी देगा। उज्जैन में भी केंद्र की अनेक योजनाओं में हितग्राहियों को लाभ दिया जा रहा है।

See also  इस महीने के अंत में केंद्रीय कर्मचारियों के डीए में 4 फीसदी बढ़ोतरी संभव

वित्त मंत्री ने कहा कि हमारी अर्थ-व्यवस्था निरंतर बढ़ती रही है। इसके लिये अब हमारा लक्ष्य ऐसे क्षेत्रों पर है जहाँ तेजी से रोजगार के अवसर मिलने की संभावनाएँ है। एमएसएमई सेक्टर में बड़ी संख्या में स्टार्टअप आए हैं। छोटे कस्बों में भी तेजी से स्टार्टअप आ रहे हैं। कार्यक्रम में विधायक पारस जैन, जन-प्रतिनिधि, अधिकारी एवं हितग्राही उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *