PM: मोदी की एक झलक के लिए आतुर हैं शहडोल के ग्रामीण ,है उत्साह का माहौल

उदित पांडे ,शहडोल/ भोपाल । वायु सेना के चॉपर की गड़गड़ाहट , चारों तरफ प्रशासनिक अमला ,अफसरों व पुलिस की मुस्तैदी से शहडोल जिला मुख्यालय से अधिक पकरिया व लालपुर पंचायत के ग्रामीण विस्मित हैं । वे चकित भी हैं और उत्साहित भी….। उत्साहित इसलिए  कि …. देश के मुखिया PM नरेंद्र मोदी 27 जून को उनके गांव आ रहें हैं। यही नहीं ,वह उनके साथ बैठकर आदिवासियों का पारम्परिक भोजन भी करेंगे।

पकरिया वासियों के लिए तो यह पहला मौका है ,जब देश के प्रधानमंत्री उनके बीच होंगे। प्रधानमंत्री मोदी 27 जून को पहले भोपाल फिर जबलपुर होते हुए शहडोल पहुंचेंगे। पीएम मोदी के आगमन को लेकर जहां स्थानीय प्रशासन सभी तैयारियां करने तेजी के साथ जुटा हुआ है| पीएम की सुरक्षा को लेकर पूरी सजगता बरती जा रही है।

सभा स्थल लालपुर मैदान में एमपी पुलिस के साढ़े 3 हजार से ज्यादा जवान सुरक्षा में तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवान भी शहडोल पहुंचकर प्रधानमंत्री की सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे।

इसी क्रम में शनिवार की दोपहर सभा स्थल लालपुर हवाई अड्डे में सेना का चोपर उतरा। विमान को कई बार हवाई पट्टी में उतारकर उड़ान भरा गया। विमान के बार – बार नीचे उतरने और आसमान में उड़ान भरते देख आसपास निवासरत लौगों में कौतूहल की स्थिति बनी रही। एसपीजी कार्यक्रम स्थल के चप्पे-चप्पे की जांच पड़ताल कर रही है। सेना का विमान भी रिहर्सल के तौर पर शहडोल की हवाई पट्टी को परखने के लिहाज से उतारा गया।

आगामी 27 जून को प्रधानमंत्री दोपहर 3 बजे लालपुर मैदान पर पहुंचेंगे। यहां केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रायल की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद राज्य सरकार के पकरिया में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।

‘अमराई‘ में तख़्त पर बैठकर करेंगे भोजन
पीएम मोदी दोपहर का भोजन आदिवासी समाज के लोगों के साथ आम के पेड़ों के नीचे ‘अमराई‘ में बैठकर करेंगे। उनके लिए मिलेट्स का भोजन स्वयं सहायता समूह की दीदियां तैयार करेंगी। इसमें कोदो का भात, कुटकी की खीर, स्थानीय वनस्पति अमरूद से वेलकम ड्रिंक प्रधानमंत्री के लिए तैयार किया जाएगा। इसके अलावा बेल का शरबत, मक्के और बाजरे की रोटी भी खाने में शामिल होंगे। उनको पीने का पानी चंदिया की सुराही में उपब्ध कराया जाएगा। मोटे अनाज के व्यंजन स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा जनजातीय समाज के घर में तैयार किए जाएंगे। कार्यक्रम में ग्रामीण परिवेश की झलक दिखेगी।

अंदाज ठेठ देहाती होगा

शहडोल के पकरिया पंचायत के जल्दी टोला में पीएम नरेंद्र मोदी के लिए जो भोज तैयार किया जा रहा है, उसका भी अंदाज ठेठ देहाती होगा। प्रदेश सरकार ने जो भोजन का मेन्यू तैयार किया है, उसे पकाने से लेकर परोसने तक में प्राचीन भारत वाले गांव की सभ्यता को ध्यान में रखा गया है। PM के भोज में मोटा अनाज को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।

लखपति दीदियों से करेंगे बात
प्रधानमंत्री यहां पर 100 स्वयं सहायता समूह की 100 लखपति दीदियों से भी संवाद करेंगे।ये दीदियां स्वयं सहायता समूह की ऐसी महिलाएं हैं, जिनकी एक साल में आय एक लाख से ज्यादा हो गई है। उन्होंने अपनी मेहनत से अपनी आर्थिक स्थिति को सुधारा है। प्रधानमंत्री फुटबॉल खिलाड़ियों से भी बातचीत करेंगे।
पीएम तीन घंटे रहेंगे शहडोल में
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 जून को दोपहर करीब 3.30 बजे शहडोल पहुंचेंगे। उनका हेलीकॉप्टर लालपुर गांव की हवाई पट्टी पर उतरेगा। आदिवासी नर्तक उनका स्वागत करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी कुछ ही दूरी पर बने मंच से दो अभियान का शुभारंभ करेंगे। इसमें सिकल सेल एनीमिया से पीड़ितों की स्क्रीनिंग और इलाज की व्यवस्था का अभियान शुरू होगा। दूसरा मध्य प्रदेश में एक करोड़ से ज्यादा आयुष्मान कार्ड का प्रतीकात्मक रूप से वितरण होगा। उसी समय प्रदेश के सभी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर और उसके साथ-साथ गांव, शहर और पंचायतों में आयुष्मान कार्ड का वितरण किया जाएगा। प्रधानमंत्री की मौजूदगी में ही पांच गौरव यात्राओं का समापन होगा। प्रधानमंत्री 6.30 बजे लौट जाएंगे।
एक लाख लोग जुटेंगे कार्यक्रम में
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में शहडोल में एक लाख लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें शहडोल, जबलपुर और रीवा संभाग के करीब एक दर्जन जनजातीय बहुल जिलों से लोगों को लाया जाएगा।
भोपाल को भी देंगे सौगात, रोड शो भी होगा
प्रधानमंत्री 27 जून को पहले भोपाल आएंगे। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के अनुसार पीएम राजभवन से पुलिस कण्ट्रोल रूम तक रोड शो करेंगे। इसके बाद वह रानी कमलापति स्टेशन पर दो वंदेभारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे ,ये भोपाल से इंदौर व जबलपुर के लिए शुरू की जा रही हैं।

इसके बाद वह बूथ पर काम करने वाले देशभर के कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे। श्री मोदी यहाँ से जबलपुर के लिए रवाना होंगे और वहां से शहडोल जायेंगे।

मुख्यमंत्री ने किया सभा स्थल का निरीक्षण

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज   ग्राम पंचायत लालपुर में सभा स्थल का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से मंच व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने सभा स्थल में मंच का निरीक्षण किया।

इस दौरान आयुक्त जनसम्पर्क एवं प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश माध्यम मनीष सिंह, कमिश्नर राजीव शर्मा, एडीजी  डीसी सागर, कलेक्टर श्रीमती वंदना वैद्य ने मुख्यमंत्री को प्रधानमंत्री की सभा स्थल की व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत पकरिया का भी भ्रमण किया तथा ग्राम पंचायत पकरिया में प्रधानमंत्री के साथ होने वाले संवाद स्थल का भी निरीक्षण किया।

ये भी रहे मौजूद : इस अवसर शहडोल जिले के प्रभारी मंत्री श्री रामखेलावन पटेल, प्रदेश की जनजातीय कार्य मंत्री सुश्री मीना सिंह, सांसद श्रीमती हिमांद्री सिंह, विधायक जयसिंहनगर श्री जयसिंह मरावी, जैतपुर श्रीमती मनीषा सिंह, श्री कमलप्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *