तेज बारिश का अनुमानः PM Modi का 27 का शहडोल दौरा स्थगित,अब 1 जुलाई को आएंगे

भोपाल, 26 जून/ PM Modi प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंगलवार को एक दिवसीय मध्यप्रदेश दौरे में मौसम के चलते बदलाव किया गया है और अब श्री मोदी शहडोल जिले की यात्रा फिलहाल नहीं करेंगे। भोपाल का कार्यक्रम पूर्व की तरह निर्धारित है।श्री मोदी अब एक जुलाई को दोपहर तीन बजे शहडोल के लालपुरा गांव पहुंचेंगे। इसके बाद वह पकरिया पंचायत जाएंगे।modi

यह जानकारी,स्वयं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर दी। इससे पहले उन्होंने मंगलवार को शहडोल में भारी आशंका के चलते प्रधानमंत्री के कल के कार्यक्रम के स्थगित होने का संदेश जारी किया। अपने पहले संदेश में भी मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री मोदी का दौरा निरस्त नहीं स्थगित हुआ है और जल्दी ही उनके दौरे की नई तिथि घोषित होगी।

इसके चलते कार्यक्रम में बदलाव

श्री चौहान ने यह भी कहा कि मंगलवार को मध्यप्रदेश के अनेक जिलों में मौसम विभाग ने भारी बारिश की संभावना जताई है। शहडोल भी इनमें शामिल है। इसी जिले के लालपुरा पंचायत में प्रस्तावित कार्यक्रम में लाखों की संख्या में लोगों के पहुंचने की सूचना है,लेकिन प्रधानमंत्री संवेदनशील हैं। वह नहीं चाहते कि उनकी वजह से लोगों को भारी बारिश के बीच किसी तरह की परेशानी उठाना पड़े। इसके चलते कार्यक्रम में बदलाव किया गया। श्री मोदी की यात्रा के लिए टैंट आदि की जो तैयारियां की गयी हैं, वे बनी रहेंगी।

मंगलवार को आएंगे भोपाल

श्री मोदी विशेष विमान से मंगलवार सुबह यहां पहुंचेंगे। वे यहां मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर भोपाल से इंदौर और जबलपुर के लिए दो अलग-अलग वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शाम स्वयं ट्वीट कर कल के अपने भोपाल दौरे की जानकारी साझा की। इसमें उन्होंने लिखा कि वह कल भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से मप्र सहित देश के विभिन्न हिस्सों के लिए पांच वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।

इस बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा शाम को भोपाल पहुंचें। वे यहां श्री मोदी के कार्यक्रम में शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *