नागदा // नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी NIA ने उज्जैन के नागदा में छापेमारी की है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और गुजरात में 70 से ज्यादा जगहों पर भी छापे मारे हैं। NIA ने यह रेड लॉरेंस बिश्नोई और नीरज बावना से पूछताछ के बाद की है। दोनों के गुर्गों के ठिकानों पर दबिश दी गई है।
उज्जैन के नागदा में दीपक भाटी के घर NIA ने सर्च की है। योगेश भाटी नागदा में दुर्गा कॉलोनी में रहता है। NIA इससे पहले भी उससे पूछताछ कर चुकी है। पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद आरोपियों ने योगेश के घर फरारी काटी थी।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी(एनआइए) ने नागदा के दुर्गापुरा इलाके से चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। इनमें से एक का नाम दीपक भाटी बताया गया है, इससे दिल्ली के गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई से जुड़े मामले में पूछताछ की जा रही है। दीपक भाटी लारेंस से तिहाड़ जेल में मिला था। बताया जा रहा है कि पंजाब पुलिस मुख्यालय में राकेट दागने वाले लारेंस बिश्नोई गैंग के 11 आरोपितों में दो फरारी के दौरान उज्जैन और नागदा में रुके थे।
सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के बाद से लॉरेंस बिश्नोई लगातार पुलिस रिमांड पर चल रहा है। लॉरेंस के खिलाफ पूरे देश में इतने मामले दर्ज हैं कि किसी न किसी राज्य की पुलिस उसे रिमांड पर लेती रहती है। लॉरेंस के मूसेवाला हत्याकांड के बाद पंजाब पुलिस ने एक महीने तक उसे रिमांड पर रखा था। इसके बाद NIA ने लॉरेंस को पंजाब से रिमांड पर लेकर दिल्ली मुख्यालय में पूछताछ की थी।