9 साल से सहकारी चुनाव का इंतजार, अब परिसीमन के नाम पर एक साल की मोहलत

MP कैबिनेट ने पैक्स और जिला सहकारी बैंक चुनाव एक साल टाले। नौ बैंकों को 325 करोड़, 2027 युवा वर्ष और MPPSC की साल में दो बार परीक्षा का फैसला।

भोपाल।

मध्यप्रदेश में सहकारी संस्थाओं के चुनाव का इंतजार खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है।

प्रदेश में आखिरी बार सहकारी समितियों के चुनाव 2013 में हुए थे।

निर्वाचित निकायों का कार्यकाल मार्च 2018 में समाप्त हो गया, लेकिन इसके बाद से चुनाव नहीं हो सके।

अब सरकार ने पैक्स समितियों के गठन और परिसीमन की प्रक्रिया को

नया आधार बनाकर चुनाव एक साल और आगे बढ़ा दिए हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में यह निर्णय लिया गया।

बैठक में तय हुआ किप्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) और

जिला सहकारी बैंकों के चुनाव एक साल आगे बढ़ाए जाएं।

इसके साथ ही नौ जिला सहकारी बैंकों को 325 करोड़ रुपये की अंश पूंजी देने सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

सहकारी चुनावों का मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि पिछले 9 वर्षों में सदस्यता सूची के पुनरीक्षण,

कोरोना महामारी, चुनावी आचार संहिता, कर्ज माफी और न्यायालयीन मामलों जैसे कारणों से चुनाव टलते रहे हैं।

मार्च 2025 में सहकारिता कानून में संशोधन कर विशेष परिस्थितियों में चुनाव आगे बढ़ाने और

प्रशासकों का कार्यकाल जारी रखने का अधिकार भी सरकार को दिया गया था।

पैक्स चुनाव अटके तो जिला सहकारी बैंक भी नहीं चुन पाएंगे प्रतिनिधि

सरकार ने इस बार चुनाव टालने के पीछे नई पैक्स समितियों के गठन और उनके परिसीमन की प्रक्रिया को वजह बताया है।

दरअसल, पैक्स समितियों के प्रतिनिधि ही जिला सहकारी बैंकों के चुनाव में मतदाता होते हैं।

ऐसे में जब तक नई समितियों का गठन और चुनाव नहीं हो जाता,

जिला सहकारी बैंकों के चुनाव कराना संभव नहीं होगा।

इसी आधार पर दोनों चुनावों को एक साल आगे बढ़ाने का प्रस्ताव मंजूर किया गया है।

हालांकि, किसानों और सहकारी क्षेत्र से जुड़े लोगों के बीच अब सवाल उठ रहा है कि

2018 के बाद से चुनावों का इंतजार आखिर कब खत्म होगा।

नौ जिला सहकारी बैंकों को 325 करोड़ की अंश पूंजी

कैबिनेट ने सहकारी बैंकिंग व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नौ जिला सहकारी

बैंकों को कुल 325 करोड़ रुपये की अंश पूंजी उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।

पांच बैंकों को 125 करोड़ रुपये:

पिछले वर्ष 50-50 करोड़ रुपये की अंश पूंजी पाने वाले छह जिला सहकारी बैंकों में से

बेहतर प्रदर्शन करने वाले पांच बैंकों को 25-25 करोड़ रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे।

इनमें रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर शामिल हैं।

चार बैंकों को 200 करोड़ रुपये:

रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी के जिला सहकारी बैंकों को 50-50 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।

सरकार का मानना है कि इस पूंजी से बैंकों की वित्तीय स्थिति मजबूत होगी और

किसानों को कृषि ऋण उपलब्ध कराने की क्षमता बढ़ेगी।

खनिज से कमाई का लक्ष्य 30 हजार करोड़

मध्यप्रदेश सरकार अब खनिज संपदा से राजस्व बढ़ाने की तैयारी में है।

फिलहाल प्रदेश को खनिज रॉयल्टी से लगभग 12,170 करोड़ रुपये की आय होती है।

इसे बढ़ाकर 30 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

इसके लिए प्रदेश को तीन हिस्सों में बांटकर खनिज निगम लिमिटेड के माध्यम से नए सिरे से सर्वे कराया जाएगा।

पुराने आंकड़ों का भी विश्लेषण होगा।

नई खदानों के विकास पर प्रतिवर्ष 70 से 80 करोड़ रुपये खर्च किए जाने का अनुमान है।

46,500 घर अब भी अंधेरे में, रोशन करने 193 करोड़ मंजूर

ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली सुविधा के विस्तार के लिए भी कैबिनेट ने 193 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।

योजना के तहत 20 से अधिक घरों वाली आबादी के 1,834 मजरों और टोलों का विद्युतीकरण किया जाएगा।

इससे लगभग 46,500 घरों को बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।

योजना में केंद्र और राज्य सरकार दोनों की हिस्सेदारी रहेगी। 20 से कम घरों वाली छोटी बस्तियों का विद्युतीकरण राज्य सरकार अपने खर्च पर करेगी।

एकात्म धाम परियोजना को जारी रखने की मंजूरी

धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ओंकारेश्वर की 2,424 करोड़ रुपये की

एकात्म धाम परियोजना जारी रखने का निर्णय लिया गया है।

इसका मुख्य कार्य आगामी सिंहस्थ से पहले पूरा करने का लक्ष्य है।

इसके अलावा मांडू, कान्हा-किसली और पेंच में तीन ट्राइबल कैफे स्थापित किए जाएंगे।

इनके माध्यम से विदेशी पर्यटकों को जनजातीय खानपान, संस्कृति और परंपराओं से परिचित कराया जाएगा।

जनजातीय उत्पादों को जीआई टैग दिलाने के लिए भी आवेदन किए गए हैं।

2027 युवा वर्ष, MPPSC की परीक्षाएं साल में दो बार

प्रदेश सरकार ने वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने का फैसला किया है।

युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के अधिक अवसर देने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग

(MPPSC) की परीक्षाएं साल में दो बार आयोजित करने की व्यवस्था की जाएगी।

इसके लिए परीक्षा कैलेंडर जारी किया गया है।

नियमित परीक्षा आयोजन से लंबे समय तक भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

ग्वालियर में टेलीकॉम उद्योगों के लिए बढ़ा निवेश

ग्वालियर में विकसित किए जा रहे टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन में निवेशकों की रुचि बढ़ रही है।

जुलाई में शुरू हुए इस जोन में नवंबर तक 25 उद्योगपतियों को जमीन आवंटित की जा चुकी है।

निवेश के लिए 40 नए आवेदन भी मिले हैं।

वहीं, स्वामित्व योजना के तहत प्रदेश में अब तक 26 लाख से अधिक रजिस्ट्रियां हो चुकी हैं।

बेटियों के HPV वैक्सीनेशन में 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल

सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलाए गए HPV वैक्सीनेशन अभियान में मध्यप्रदेश ने

निर्धारित लक्ष्य का 100 प्रतिशत हासिल करने की उपलब्धि दर्ज की है।

इस प्रदर्शन के साथ प्रदेश देश के शीर्ष पांच राज्यों में शामिल हुआ है।

देसी गाय पालने वालों को मिलता रहेगा प्रोत्साहन

कैबिनेट ने गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना जारी रखने का फैसला किया है।

इसके तहत प्रतिदिन छह लीटर से अधिक दूध देने वाली देसी नस्ल की गायों के पशुपालकों को प्रोत्साहित किया जाता है।

ग्राम और ब्लॉक स्तर पर चयनित पशुपालकों को एक-एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाता है।

तीन साल के कामकाज की समीक्षा, अगले दो साल का रोडमैप

सरकार अब अपने तीन साल के कार्यकाल की समीक्षा कर अगले दो वर्षों की प्राथमिकताएं तय करेगी।

इसके लिए दिसंबर में दो अलग-अलग चिंतन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

2 दिसंबर को अधिकारियों का नीति चिंतन:

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वरिष्ठ अधिकारियों का कार्यक्रम होगा।

इसमें आठ सत्र आयोजित किए जाएंगे।

वर्ष 2047 तक विकसित मध्यप्रदेश बनाने के विजन पर भी चर्चा होगी।

21-22 दिसंबर को मंत्रियों और विधायकों का चिंतन शिविर:

अधिकारियों के चिंतन से निकले निष्कर्षों के आधार पर दो दिवसीय शिविर आयोजित होगा।

इसमें सरकार के अगले दो वर्षों की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

7 से 11 दिसंबर तक विधानसभा का शीतकालीन सत्र

मध्यप्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र 7 से 11 दिसंबर तक आयोजित होगा।

इसमें अनुपूरक बजट के साथ कई शासकीय संकल्प प्रस्तुत किए जाएंगे।

सत्र के दौरान सरकार की वित्तीय प्राथमिकताओं और आगामी योजनाओं पर चर्चा होने की संभावना है।

कैबिनेट बैठक के बाद एमएसएमई मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप ने मीडिया को फैसलों की जानकारी दी।