MP: 32 करोड़ से 5 एकड़ में बनेगा ओरछा में रामराजा लोक, सोमवार को शिवराज करेंगे भूमिपूजन

टीकमगढ़(janprachar.com)। जिले के ओरछा में प्रस्तावित रामराजा लोक करीब 32 करोड़ रुपए की लागत से 5 एकड़ क्षेत्र में बनाया जाएगा। इसके लिए भूमि पूजन सोमवार को शिवराज सिंह चौहान करेंगे। केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र खटीक एवं जिले के प्रभारी मंत्री पंडित गोपाल भार्गव भी इस मौके पर मौजूद रहेंगे। उत्सवपूर्ण इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना जताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी अनुसार, मुख्यमंत्री सुबह ओरछा पहुंचेंगे। जहां भगवान श्री रामराजा सरकार के दर्शन के बाद श्री रामराजा सरकार लोक निर्माण का भूमि पूजन और जल जीवन मिशन परियोजना का लोकार्पण करेंगे। रामराजा लोक के भूमिपूजन से पहले बेतवा घाट को भी बीते दो दिन से संध्या में रोशन किया जा रहा है।
श्रीरामराजा लोक के भूमिपूजन के पहले बीती रात बेतवा घाट हजारों दीपों की रोशनी से जगमग हुआ। आयोजन को भव्य बनाने के लिए कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा के निर्देशन में ओरछा सहित संपूर्ण जिले में श्री राम राजा लोक निर्माण कार्य के भूमिपूजन की आयोजन को महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है।

शोभायात्रा निकालकर दिया आमंत्रण
रविवार को रात में बेतवाजी की आरती की गई और महल प्रागंण में आतिशबाजी की गई। कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने अपने अधिकांश अधिकारियों के साथ नगर में रंगोली सजाकर महोत्सव का शुभारंभ किया। हजारों दीपों की रोशनी से बुंदेलखंड की गंगा कहीं जाने वाली बेतवा नदी को जगमग किया। श्री राम राजा लोक निर्माण कार्य की भूमि पूजन के लिए जिले के सभी ग्रामों में शोभायात्रा निकालकर जिले वासियों को भूमि पूजन के आयोजन में शामिल होने का आमंत्रण दिया। ओरछा नगर सहित संपूर्ण जिले में श्री राम राजा सरकार लोक निर्माण की भूमि पूजन के आयोजन के लिए भारी उत्साह जिलेवासियो में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *