मप्र में जोरदार बारिश की कामना: मुख्यमंत्री शिवराज ने किया महाकाल का रुद्राभिषेक

उज्जैन(Janprachar.com)। मप्र में अगस्त माह में बारिश बेहद कम होने से खरीफ फसल को व्यापक पैमाने पर नुकसान पहुंचा है। इसे लेकर किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें खिंच गई है। मुख्यमंत्री शिवराज ने किसानों की समस्या को देखते हुए बांधों से पानी दिए जाने के निर्देश दिए हैं। वहीं उन्होंने भाद्र मास के पहले सोमवार पर महाकाल मंदिर पहुंचकर भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया व प्रदेश में जोरदार बारिश की कामना की।प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट भी इस मौके पर मौजूद रहे।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने कल चित्रकूट में जनआशीर्वाद यात्रा शुभारंभ कार्यक्रम से लौटते ही प्रदेश में खरीफ फसल की​ स्थिति को लेकर समीक्षा की। एक उच्च स्तरीय बैठक में उन्होंने जल उपयोगिता समिति की बैठक जल्दी ही बुलाकर किसानों को सिंचाई के लिए बांधों से पानी दिए जाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने दैनिक उपभोग एवं निस्तार के लिए भी जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कहा।

10 रुपए के रेट पर भी नहीं मिल रही बिजली

See also  जनदर्शन: रथ से उतर अचानक 'शबरी' के द्वार पहुंचे 'शिव'

उन्होंने बिजली के समुचित इंतजाम करने की बात भी कही। बैठक में बताया ​गया कि खरीफ सीजन में आमतौर पर सात हजार मेगावाट बिजली की मांग रहती है,लेकिन बारिश नहीं होने से सिंचाई के लिए यह मांग बढ़कर 15 हजार मेगावाट तक पहुंच गई है। बिजली अन्य राज्यों से क्रय करने पर भी​ विचार हुआ लेकिन दस रुपए प्रति यूनिट में भी अतिरिक्त बिजली उपलब्ध नहीं हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *