MP:बगावत पर उतारू भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी,नई पार्टी की घोषणा,PMआएंगे

भोपाल। भाजपा को जिस बात का डर था,अंतत: वही हुआ। अलग विंध्य प्रदेश की मांग कर रहे सतना जिले की मैहर सीट के विधायक नारायण त्रिपाठी ने सोमवार को एक अलग पार्टी की घोषणा की। इसे विंध्य पार्टी नाम दिया गया है। उनके उदबोधन वाला एक वीडियो सोमवार को वायरल हुआ। इसमें वह नई पार्टी गठन की बात कह रहे हैं।

लंबे समय से पार्टी लाइन से अलग चल रहे त्रिपाठी की इस घोषणा से विंध्य में भाजपा की मुश्किल बढ सकती है। त्रिपाठी इससे पहले पूर्व कांग्रेसी मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की प्रतिमा अनावरण को लेकर अडे थे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नरम रुख अपनाते हुए उनकी इस मांग को पूरा किया और बीते माह भोपाल में श्री सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया था।

बागेश्वर धाम की कथा से होगी शुरुआत
त्रिपाठी ने कहा कि बाबा बागेश्वर सरकार की कथा मैहर में 2 मई से 7 मई तक कराएंगे इसी दौरान पार्टी की घोषणा की जाएगी। ​त्रिपाठी लंबे समय से अलग विंध्य प्रदेश की मांग बुलंद करते रहे हैं। जबकि पार्टी मप्र का और विभाजन करने के पक्ष में नहीं है।​ त्रिपाठी की नजर विंध्य की 30विधानसभा सीटों पर है। जहां पिछले चुनाव में भाजपा को बडी सफलता मिली थी।

30 में से 25 सीटें भाजपा ने जीती

2018 में विंध्य की 30 सीटों में से 25 सीटें भाजपा ने जीती है। इसके बाद भी क्षेत्र की उपेक्षा के कारण लोगों में नाराजगी है। क्षेत्र में आम आदमी पार्टी की बढ़ती सक्रियता ने भी बीजेपी की चिंता बढ़ा दी है। सिंगरौली में आम आदमी पार्टी ने महापौर का चुनाव जीता है।

रीवा और सतना में भी पार्टी का प्रसार बढ़ रहा है। विंध्य में आप के प्रभाव का आकलन इसी बात से किया जा सकता है कि पार्टी ने प्रदेश इकाई की अध्यक्ष व सचिव इसी अंचल से बनाई हैं।

विंध्य में उथल-पुथल का डर, 24 को पीएम आएंगे रीवा
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दो महीने पहले सतना आए थे। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 अप्रैल को रीवा आने वाले हैं।

प्रधानमंत्री पंयायत राज कार्यक्रम और छह हजार करोड़ रुपये की जल जीवन मिशन की बाणसागर समूह जल प्रदाय परियोजना फेस-2 का शुभारंभ करेंगे।

इस क्षेत्र में बड़े नेताओं के दौरो से चर्चा है कि विंध्य क्षेत्र में केंद्रीय नेतृत्व को भी उथल-पुथल का डर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *