भोपाल में उतरेगा मालवा का रंग: दाल-बाफले से बटिक कला तक, तीन दिन सजेगा संस्कृति और स्वाद का मेला

भोपाल के रवींद्र भवन में 23 से 25 नवंबर तक मालवा उत्सव सजेगा। दाल-बाफले, बटिक कला, लोकसंगीत, कवि सम्मेलन और मालवा रत्न सम्मान होंगे आकर्षण।

भोपाल।

दाल-बाफले की खुशबू, मालवी लोकगीतों की मिठास, पारंपरिक हस्तशिल्प की खूबसूरती और मालवी बोली की ठेठ आत्मीयता…।

मालवा की यही पहचान अब राजधानी भोपाल में एक साथ देखने को मिलेगी।

यहां 23 से 25 नवंबर तक रवींद्र भवन में तीन दिवसीय ‘मालवा उत्सव–यो अपनों मालवो’ आयोजित किया जाएगा।

इस बार उत्सव का आकर्षण सिर्फ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां नहीं होंगी, बल्कि मालवा के पारंपरिक खानपान,

बटिक प्रिंट, हस्तशिल्प और कृषि उत्पादों को भी प्रमुखता मिलेगी। आयोजन स्थानीय कलाकारों,

कारीगरों और छोटे उद्यमियों के लिए अपनी प्रतिभा और उत्पादों को पहचान दिलाने का मंच बनेगा।

मालवा विकास उत्सव समिति के तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन में लोकसंस्कृति की

विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी।

पहले दिन संस्कृति की झलक, नौ विभूतियों को मिलेगा मालवा रत्न

उत्सव का शुभारंभ 23 नवंबर को शाम 5 बजे होगा। उद्घाटन अवसर पर उज्जैन की ऋतु शर्मा और

उनकी टीम रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगी। कार्यक्रम का संचालन प्रसिद्ध उद्घोषक स्वामी मुस्करा करेंगे।

विश्वविख्यात मालवी भाभी अपनी विशेष प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।

पहले दिन मालवी भाषा, साहित्य, कला और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने

वाली नौ विभूतियों को ‘मालवा रत्न’ सम्मान से नवाजा जाएगा।

सम्मानित होने वालों में नरहरि पटेल, डॉ. शिव चौरसिया, सतीश दवे, डॉ. माया बेन वधेका,

निशा त्रिवेदी, पराग छापेकर, मुकेश जोशी, मालवी भाभी और कमल हेतावल शामिल हैं।

दाल-बाफले से खोपरा पैटिस तक, मालवा के स्वाद का लगेगा तड़का

उत्सव में खानपान के शौकीनों के लिए भी खास आकर्षण रहेंगे। परिसर में मालवा के पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे।

इनमें दाल-बाफले, भुट्टे का कीस, गराड़ू, मावा-बाटी, खोपरा पैटिस और रतलामी सेव जैसे लोकप्रिय व्यंजन शामिल होंगे।

खाने के साथ मालवा की कला और शिल्प भी आकर्षण का केंद्र होंगे। उज्जैन की प्रसिद्ध बटिक प्रिंट कला,

पारंपरिक वस्त्र, हस्तशिल्प और कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों की बिक्री का अवसर भी मिलेगा।

24 नवंबर को साधु तिवारी की लाइव प्रस्तुति

उत्सव का दूसरा दिन संगीत प्रेमियों के नाम रहेगा। 24 नवंबर की शाम ‘हनुमान अंश’ फिल्म के प्रमुख

कलाकार साधु तिवारी अपनी लाइव संगीत प्रस्तुति देंगे। इस कार्यक्रम के टिकट बुक माय शो के माध्यम से खरीदे जा सकेंगे।

अंतिम दिन मालवी कविताओं से गूंजेगा रवींद्र भवन

25 नवंबर को उत्सव का समापन मालवी कवि सम्मेलन के साथ होगा। रवींद्र भवन के मुक्ताकाश मंच पर आयोजित

इस सम्मेलन में मालवी भाषा के कवि अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मालवा की मिट्टी, परंपरा और जीवनशैली से रूबरू कराएंगे।

कवि सम्मेलन में डॉ. माया बदेका, नरेंद्र शर्मा नखेत्री, डॉ. राजेश रावल, डॉ. विक्रम विवेक,

भरत पंड्या, राजेंद्र जैन और राहुल शर्मा सहित कई कवि शामिल होंगे।

नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने की पहल

समिति के अध्यक्ष डॉ. नवीन आनंद जोशी और महासचिव रोमा मल्होत्रा ने बताया कि उत्सव का उद्देश्य मालवा की

सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। इसके साथ स्थानीय कलाकारों, साहित्यकारों, कारीगरों और

उद्यमियों को व्यापक पहचान दिलाने का प्रयास भी किया जा रहा है।

‘यो अपनों मालवो’ की भावना के साथ आयोजित यह उत्सव भोपाल में मालवा की परंपरा,

स्वाद, कला और आत्मीयता का संगम प्रस्तुत करेगा।

See also  पांच नदियों का जल, 950 किमी की पदयात्रा; दिग्विजय सिंह ने तैयार कराया विशेष रथ