मप्र: PM श्री स्कूल में पढ़ाई की जगह ‘बॉयफ्रेंड’ का पाठ! शिक्षिका निलंबित

मध्य प्रदेश के एक स्कूल में लेडी टीचर पर छात्राओं से अश्लील बात करने के आरोप लगे हैं। यह मामला छिंदवाड़ा जिले में कुंडाली कलां गांव का है।शिकायत के बाद आरोपी ​शिक्षिका को निलंबित कर दिया गया है।

उमरेठ,छिंदवाड़ा।

छिंदवाड़ा के एक सरकारी स्कूल में पढ़ाई के दौरान शिक्षिका पर बच्चों से आपत्तिजनक बातें करने का आरोप लगा है।

मामला उमरेठ तहसील अंतर्गत ग्राम कुंडाली कला स्थित पीएम श्री शासकीय स्कूल का है।

यहां छठवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने शिक्षिका के खिलाफ लिखित शिकायत की है।

बच्चों ने आरोप लगाया कि शिक्षिका कक्षा में पढ़ाई के बजाय अशोभनीय बातें और शेर-शायरी करती थीं।

बच्चों के मुताबिक, शिक्षिका ने छात्राओं से कथित तौर पर कहा कि स्कूल आने से क्या मिलेगा।

“बॉयफ्रेंड बनाओ, घूमो और बच्चे पैदा करो।”

बच्चों ने यह बात अपने माता-पिता को बताई।

इसके बाद अभिभावकों ने स्कूल पहुंचकर प्राचार्य से शिकायत की।

बच्चों की शिकायत के बाद अभिभावक पहुंचे स्कूल

                                                             (शिकायत करने एसडीएम कार्यालय के बाहर जमा अभिभावक।)

छात्रों ने प्राचार्य दिनेश शर्मा को लिखित शिकायत दी।

इसमें शिक्षिका पर कक्षा में आपत्तिजनक बातचीत करने के आरोप लगाए गए हैं।

शिकायत सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन ने शिक्षिका को नोटिस जारी किया।

प्राचार्य के अनुसार, नोटिस का जवाब नहीं मिलने पर मामला जिला शिक्षा अधिकारी को भेजा गया।

जांच के बाद निलंबन की कार्रवाई

प्राचार्य दिनेश शर्मा के अनुसार, मामले की जांच कराई गई।

जांच में शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाने की बात सामने आई।

इसके बाद जबलपुर शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक ने शिक्षिका के निलंबन के आदेश जारी किए।

शिक्षिका बोलीं-मेरे खिलाफ साजिश

दूसरी ओर, आरोपी शिक्षिका ने आरोपों से इनकार किया है।

उनका कहना है कि उन्होंने बच्चों से ऐसी कोई बात नहीं कही।

शिक्षिका ने इसे स्कूल के कुछ शिक्षकों की साजिश बताया।

उनका आरोप है कि बच्चों को बहला-फुसलाकर उनके खिलाफ बयान दिलाए गए हैं।

अब जांच रिपोर्ट पर नजर

मामले में बच्चों और अभिभावकों के आरोपों के साथ शिक्षिका का पक्ष भी सामने आया है।

ऐसे में विभागीय जांच की रिपोर्ट इस पूरे विवाद में अहम होगी।

फिलहाल शिक्षिका के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जा चुकी है।

See also  मध्य प्रदेश के पशुपालन विभाग में ट्रांसफर विवाद: 166 अफसरों के तबादलों पर रोक!