लाड़ली बहनों को इस साल भी मिलेगा रक्षाबंधन का शगुन,इस माह की किस्त 12 को

मुख्यमंत्री के संकेतों से रक्षाबंधन पर लाड़ली बहनों को अतिरिक्त शगुन मिलने की उम्मीद बढ़ी। 12 जुलाई को लहार से योजना की 38वीं किस्त लाभार्थियों के खातों में भेजी जाएगी।

भोपाल।

मध्यप्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए रक्षाबंधन से पहले राहत भरी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के ताजा संकेतों के बाद यह संभावना जताई जा रही है कि राज्य सरकार इस वर्ष भी रक्षाबंधन के अवसर पर योजना की नियमित किस्त के अलावा अतिरिक्त राशि ‘शगुन’ के रूप में दे सकती है। हालांकि, इस संबंध में सरकार की ओर से अभी कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।

शुक्रवार को भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में त्योहारों की श्रृंखला शुरू होने वाली है और “लाड़ली बहनों का रक्षाबंधन भी पूरे आनंद के साथ मनाया जाएगा।” मुख्यमंत्री ने अतिरिक्त सहायता की राशि का खुलासा नहीं किया, लेकिन उनके बयान के बाद पिछले वर्ष की तरह इस बार भी विशेष आर्थिक सहायता मिलने की चर्चा तेज हो गई है।

12 जुलाई को मिलेगी जुलाई की किस्त

राज्य सरकार फिलहाल लाड़ली बहना योजना की 38वीं किस्त जारी करने की तैयारी में है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12 जुलाई को भिंड जिले के लहार में आयोजित कार्यक्रम से लाभार्थी महिलाओं के खातों में किस्त की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित करेंगे। बता दें कि सरकार ने हाल ही में 36सौ करोड़ रुपए का कर्ज लिया है।

यह भी पढ़ें..  दतिया बीजेपी में बगावत.. Click

रक्षाबंधन से पहले हो सकता है फैसला

इस वर्ष रक्षाबंधन 28 अगस्त को मनाया जाएगा। त्योहार महीने के अंतिम सप्ताह में होने से सरकार के पास नियमित 39वीं किस्त के साथ यदि अतिरिक्त ‘शगुन’ देने का निर्णय लिया जाता है, तो उसके लिए पर्याप्त समय उपलब्ध रहेगा। पिछले वर्ष सरकार ने नियमित किस्त के साथ अतिरिक्त राशि भी दी थी, जिसके आधार पर इस बार भी ऐसी संभावना जताई जा रही है।

मेहगांव की जगह अब लहार में कार्यक्रम

मुख्यमंत्री का 12 जुलाई का कार्यक्रम पहले मेहगांव में प्रस्तावित था, लेकिन अंतिम समय में इसे बदलकर लहार कर दिया गया। मुख्यमंत्री यहां भाजपा विधायक अम्बरीश शर्मा (गुड्डू) के निवास पर उनकी माताजी के निधन पर शोक संवेदना भी व्यक्त करेंगे।

करीब दो घंटे लहार में रहेंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री का लहार प्रवास दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक प्रस्तावित है। कार्यक्रम स्थल को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया जारी है और बारिश की संभावना को देखते हुए पक्के स्थान का चयन किया जा रहा है। प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं, वहीं विधायक अम्बरीश शर्मा ने भी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की है।

यह भी पढ़ें.. फीफा वर्ल्ड कप में एम्बाप्पे ने रचा इतिहास–Click

नोट: मुख्य फोटो की पंचलाइन में 2 अशुद्धियां हैं..उन्हें इस तरह पढ़ें..  38वीं , अतिरिक्त  ।