Umaria:कार्यकर्ता बेखौफ होकर करें काम,मिलेगी कांग्रेस को जीत: कमलनाथ

विक्की दहिया,उमरिया। बुधवार को उमरिया दौरे पर आए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने सूबे की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।

 

उन्होंने यहां जनसभा व इससे पहले आयोजित प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि उमरिया सहित समूच प्रदेश बदहाल स्थिति में है और शिवराज सरकार विकास यात्रा​ निकाल रही है लेकिन प्रदेश की जनता वास्तविकता समझ चुकी है।  सरकार की विकास यात्रा उसकी निकास यात्रा साबित होगी।
मैं 15 महीनों का हिसाब देने तैयार
श्री नाथ ने कहा कि आजकल मुख्यमंत्री मेरे से हर दिन एक सवाल पूछ रहे हैं। मैं कहता हूं.मैं अपने 15 माह के शासन का हिसाब देने तैयार हूं लेकिन शिवराज जी एवं भाजपा पहले अपने 18 साल के शासन का जवाब दें। उन्होंने कहा कि जनता मेरी गवाह है, मुझे कुछ कहने की आवश्यकता नहीं है। 15 महीने में से ढाई महीने लोकसभा चुनाव की आचार संहिता में गए। एक महीना उथल-पुथल में गया। मेरे पास 11 महीने का समय गया। इसकी जनता गवाह है।’
लगा दी कर्ज माफी पर रोक

भाजपा की सरकार पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि 70 प्रतिशत अर्थ व्यवस्था खेती पर आधारित प्रदेश में कांग्रेस ने किसान के कर्जा मुक्ति का जिम्मा उठाया. 25 लाख किसानों का कर्जा माफ किया। लेकिन सौदे की सरकार ने किसानों के कर्ज माफी पर रोक लगा दिया। जिसका खामियाजा किसानों को डिफाल्टर घोषित होकर चुकाना पड़ रहा है।

रोजगार के लिए करना पड़ रहा पलायन
कमलानाथ ने कहा कि उमरिया जिला में वन और कोयले का भंडार होने के बाद भी यहां के स्थानीय लोगों को रोजगार के वास्ते पलायन करना पड़ रहा है। जहां पहले कोयले के क्षेत्र में बाहर से लोग आते थे। वहीं उमरिया के लोगों को पलायन करना पड़ रहा है। वन भूमि में 4 लाख पट्टे अभी तक निरस्त किए, महज 2.5 लाख परिवार को पट्टे मिले।

युवा चाहता है रोजगार

पूर्व सीएम ने कहा- प्रदेश का युवा नाटक नौटंकी और घोषणाबाजी नहीं चाहता। प्रदेश का युवा रोजगार चाहता है। क्योंकि बिना रोजगार के किसी भी परिवार का विकास नहीं हो सकता, लेकिन प्रदेश की सरकार युवाओं को रोजगार देने में पूरी तरह सक्षम साबित हुई है। ऐसा इसलिए हुआ है क्योंकि प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान झूठ और घोषणा की मशीन है। शिवराज को झूठ बोले बिना खाना हजम नहीं होता। यही कारण है कि 20 हजार से ज्यादा घोषणा करके भूल चुके हैं। शिवराज सिंह चौहान तो वहां पुल बनाने की घोषणा कर देते हैं जहां नदी नहीं होती।

प्रदेश में सभी क्षेत्रों में पहुंचा नुकसान
पूर्व सीएम ने कहा कि इनकी सरकार आने के बाद किसानों, नौजवानों, प्रदेश, व्यापारियों सभी का सत्यानाश हुआ है। कानून, पोषण, गौवंश का भी सत्यानाश कर शिवराज सरकार विकास यात्रा निकाल रही है। शिवराज सरकार इतना बड़ा मजाक प्रदेश और जनता के साथ कर रही है।
हुआ जोरदार स्वागत
इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के उमरिया पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से उनका जोरदार स्वागत किया गया। श्री नाथ के स्वागत में पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं बांधवगढ विधानसभा के पूर्व उम्मीदवार डॉ ध्यान सिंह,जिला पंचायत सदस्य मनोहर​​ सिंह मरावी,जनपद पंचायत पाली के अध्यक्ष मनीष् सिंह बडकरे बबलू व जनपद पंचायत मानपुर की सदस्य सुश्री रोशनी सिंह की ओर से शहर के विभिन्न स्थानों पर पोस्टर एवं होर्डिंग्स लगाए गए।

बेखौफ होकर सक्रियता से करें काम

कार्यक्रम के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री नाथ ने डॉ ध्यान सिंह से क्षेत्र में और अधिक सक्रियता से काम करने की बात कही। सुश्री रोशनी सिंह,श्री मरावी एवं श्री बबलू ने भी पूर्व मुख्यमंत्री का स्वागत कर उनसे संवाद भी किया।

जनाक्रोश रैली भी निकाली

इस दौरान कमलनाथ के साथ पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल और अनूपपुर से कांग्रेस विधायक फुंदेलाल सिंह भी मौजूद रहे। इससे पहले श्री नाथ ने मंडलम सेक्टर की बैठक को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता बेखौफ होकर जनहित व पार्टी के कार्यों में जुटें। अगले चुनाव में कांग्रेस एक बार फिर सत्ता में होगी। सभा से पहले शहर में जनाक्रोश रैली भी निकाली गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *