हरदा शीघ्र होगा शत-प्रतिशत सिंचित जिला : कृषि मंत्री पटेल

  • सिंचाई सुविधा से वंचित क्षेत्रों के लिये कार्य-योजना तैयार

भोपाल

किसान-कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री कमल पटेल ने हरदा जिले में सिंचाई सुविधाओं की नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ समीक्षा की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देशानुसार हरदा शीघ्र ही शत-प्रतिशत सिंचित जिला बनेगा। जिले में सिंचाई सुविधा से वंचित क्षेत्रों के लिये कार्य-योजना तैयार कर ली गई है।

मंत्री पटेल ने नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण, जल-संसाधन और जिला अधिकारियों को निर्देशित किया कि हरदा को पूर्ण रूपेण सिंचित जिला बनाने के लिये त्वरित कार्यवाही करें। मोरन्ड गंजाल और होशंगाबाद बैराज परियोजना क्रियान्वयन इकाई सिवनी-मालवा के परियोजना प्रशासक डी.आर. आकरे ने बताया कि जिले में सिंचाई सुविधा से वंचित 118 ग्राम को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिये शहीद इलाप सिंह माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना प्रस्तावित है।

मंत्री पटेल ने बताया कि प्रस्तावित परियोजना के लिये सभी आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करें। उन्होंने बताया कि उक्त परियोजना से हरदा जिले की हंडिया तहसील के 68, खिरकिया के 25, टिमरनी के 21 और हरदा तहसील के 4 गाँव के किसान लाभान्वित होंगे। उक्त परियोजना से 26 हजार 890 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इससे नर्मदा जल, पाइप केनाल से किसानों को उपलब्ध हो सकेगा।

See also  19 और 20 अगस्त को मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

कृषि मंत्री पहुँचे खेल मैदान

कृषि मंत्री पटेल ने मध्यप्रदेश के 67 वें स्थापना दिवस पर हरदा के स्थानीय स्टेडियम पहुँच कर खिलाड़ियों से मुलाकात की। उन्होंने स्टेडियम में रस्साकसी प्रतियोगिता का आनंद लिया और साथ ही क्रिकेट खिलाड़ियों को किट भी वितरित किये। मंत्री पटेल ने सभी को स्थापना दिवस की बधाई और शुभकामनाएँ दी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *