रहली/सागर।
मध्यप्रदेश की राजनीति में करीब चार दशक से सक्रिय भाजपा के वरिष्ठ नेता और रहली विधायक
गोपाल भार्गव ने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर ऐसा ऐलान किया है, जिसने सियासी हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है।
लगातार नौ बार विधानसभा चुनाव जीतने वाले भार्गव ने कहा है कि कोपरा सिंचाई
परियोजना पूरी होते ही वे राजनीति से संन्यास ले लेंगे।
उनकी इस घोषणा में एक तरफ लंबा राजनीतिक सफर समेटने का संकेत है, तो
दूसरी तरफ अपने क्षेत्र के किसानों के लिए अधूरे सपने को पूरा करने की प्रतिबद्धता भी दिखाई देती है।
आखिरी राजनीतिक लक्ष्य बना कोपरा बांध

गोपाल भार्गव मंगलवार को रहली विधानसभा क्षेत्र के बलेह में स्वास्थ्य केंद्र भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में पहुंचे थे।
यहां उन्होंने अपने संबोधन में क्षेत्र की लंबित कोपरा मध्य सिंचाई परियोजना का जिक्र किया।
भार्गव ने कहा कि अब क्षेत्र के लिए उनके पास कोई दूसरा बड़ा काम शेष नहीं है।
उनकी अंतिम इच्छा कोपरा बांध का निर्माण पूरा कराने की है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से जब भी उनकी बातचीत होती है, वे इस परियोजना का मुद्दा जरूर उठाते हैं।
उन्होंने कहा कि बांध बनने से क्षेत्र के 20 से 25 हजार किसान परिवारों की आर्थिक स्थिति बदल सकती है।
परियोजना पूरी होने के बाद वे राजनीति से संन्यास ले लेंगे।
28 गांवों के किसानों की बदलेगी तस्वीर

भार्गव ने कहा कि परियोजना को लेकर पहले जो अवरोध थे, वे अब समाप्त हो चुके हैं।
बांध बनने से रहली क्षेत्र के रोन-कुमराई से लेकर पथरिया और दमोह के
आसपास के इलाकों तक किसानों को सिंचाई की सुविधा मिलेगी।
उनका मानना है कि पर्याप्त पानी मिलने से किसानों की पैदावार और आमदनी बढ़ेगी।
क्षेत्र के किसान भी पंजाब और हरियाणा के किसानों की तरह समृद्ध हो सकेंगे।
24,686 एकड़ जमीन तक पहुंचेगा सिंचाई का पानी
