भोपाल।
बैंक में रखे कीमती गहनों को सुरक्षित मानकर निश्चिंत रहने वाले पूर्व आईएएस अधिकारी एपी श्रीवास्तव को बड़ा झटका लगा है।
SBI के बैंक लॉकर में रखे सोने के गहने अचानक गायब हो गए।
हैरानी की बात यह है कि शुरुआती जांच में लॉकर के हैंडल पर फिंगरप्रिंट तक नहीं मिले हैं।
अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर लॉकर खुला कैसे और गहने कहां गए?
मामला भोपाल के इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेस्ट मैनेजमेंट (IIFM) परिसर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा का है।
यहां पूर्व रेरा चेयरमैन और रिटायर्ड आईएएस एपी श्रीवास्तव का बेटियों के साथ संयुक्त लॉकर है।
गुरुवार को उनकी बेटी सुरभि दुबई से भोपाल आई थीं।
दोपहर में वह पिता के साथ बैंक पहुंचीं। दोनों ने लॉकर खोलने की कोशिश की तो चाबी अटकने लगी।
काफी मशक्कत के बाद लॉकर खुला। अंदर का नजारा देखकर दोनों के होश उड़ गए।
लॉकर में रखे सोने के गहने गायब थे।
श्रीवास्तव ने तत्काल बैंक प्रबंधन को इसकी सूचना दी।
इसके बाद कमला नगर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
लॉकर के हैंडल पर फिंगरप्रिंट नहीं, जांच में बढ़ी उलझन

(बैंक शाखा में जांच करती कमला नगर पुलिस व फॉरेंसिक टीम)
शुरुआती जांच में लॉकर के हैंडल पर फिंगरप्रिंट नहीं मिले हैं।
पुलिस अब लॉकर की फॉरेंसिक जांच कराने की तैयारी कर रही है।
यह पता लगाया जाएगा कि लॉकर के साथ छेड़छाड़ हुई थी या उसे किसी डुप्लीकेट चाबी से खोला गया।
कमला नगर थाना पुलिस ने बैंक से पिछले तीन महीने के CCTV फुटेज भी मांगे हैं।
इनके जरिए लॉकर रूम में आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों की पड़ताल होगी। बैंक कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
दिसंबर 2024 में आवंटित हुआ था लॉकर नंबर 502
बैंक सूत्रों के मुताबिक, लॉकर नंबर 502 का आवंटन 13 दिसंबर 2024 को एपी श्रीवास्तव और
उनकी बेटियों सुरभि व श्रुति के संयुक्त नाम से हुआ था।
इसके लिए बैंक GST सहित सालाना 2,380 रुपये किराया ले रहा था।
गहनों की तस्वीरें मौजूद, कीमत का खुलासा नहीं
श्रीवास्तव और उनकी बेटियों ने एहतियात के तौर पर लॉकर में रखे गहनों की तस्वीरें खींच रखी थीं।
ये तस्वीरें अब उनके पास मौजूद हैं। हालांकि, गायब हुए गहनों की कुल कीमत अभी पुलिस को नहीं बताई गई है।
दूसरे लॉकर भी खंगाले, वहां भी नहीं मिले गहने
बताया जा रहा है कि पूर्व आईएएस के अन्य बैंकों में भी लॉकर हैं। IIFM परिसर की SBI शाखा में
गहने गायब मिलने के बाद उन्होंने दूसरे लॉकर भी चेक किए।
वहां भी गहने नहीं मिलने की बात सामने आई है।
बेंगलुरु में रहने वाली बेटी से भी होगी पूछताछ
संयुक्त लॉकर में दूसरी बेटी श्रुति का नाम भी शामिल है। वह फिलहाल बेंगलुरु में हैं।
पुलिस उनके भोपाल आने पर बयान दर्ज करेगी। उनसे यह जानकारी ली जाएगी कि
दिसंबर 2024 में लॉकर में गहने रखते समय कौन-कौन मौजूद था। जांच उप निरीक्षक निरूपा पांडे को सौंपी गई है।
बैंक बोला- लॉकर में क्या रखा, इसकी जानकारी नहीं

बैंक शाखा के प्रभारी मैनेजर हरीश मेहरा से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।
उनका कहना है कि बैंक लॉकर का कस्टोडियन होता है।
ग्राहक लॉकर में क्या रखता है, इसकी जानकारी बैंक को नहीं होती।
बैंक के नियमों के अनुसार, लॉकर खोलने के लिए ग्राहक और बैंक दोनों की चाबियों का इस्तेमाल जरूरी है।
अब पुलिस इसी प्रक्रिया और लॉकर तक पहुंच रखने वाले लोगों की जांच कर रही है।
फिलहाल जांच के केंद्र में तीन सवाल हैं- लॉकर से गहने कब गायब हुए,
उसे किसने खोला और बिना किसी स्पष्ट निशान के कीमती गहने बाहर कैसे पहुंचे?
EOW में दर्ज है मामला, भर्तियों में गड़बड़ी के आरोप
एपी श्रीवास्तव 1984 बैच के IAS अधिकारी हैं।
उन्हें अप्रैल 2021 में मध्य प्रदेश रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (RERA) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
पूर्व IAS अधिकारी एपी श्रीवास्तव के खिलाफ आर्थिक अपराध अनुसंधान ब्यूरो (EOW) में
भ्रष्टाचार और नियमों के उल्लंघन से जुड़ी शिकायत दर्ज है।
उन पर रेरा (RERA) में भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं और एक बिल्डर से
आवासीय प्लॉट लेने के आरोप हैं। EOW मामले की जांच कर रहा है।
Keywords:
-
एपी श्रीवास्तव (AP Shrivastava)
-
भोपाल बैंक लॉकर चोरी (Bhopal Bank Locker Theft)
-
SBI लॉकर मामला (SBI Locker Case)
-
बैंक लॉकर से गहने गायब (Jewellery Missing From Bank Locker)
-
भोपाल पुलिस जांच (Bhopal Police Investigation)
-
पूर्व IAS अधिकारी (Former IAS Officer)