सीहोर:पहले हादसे ने तोड़ा, फिर कर्जदार ने पूरे परिवार को उजाड़ा

भैरूंदा/बुधनी,

संवाददाता कन्हैया लाल नाथ(7806054815)।

जिस परिवार ने कुछ दिन पहले ही सड़क हादसे का दर्द झेला था, उसके साथ ऐसी खौफनाक वारदात होगी,

किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। नवरात्रि के दौरान बुधनी ओवरब्रिज पर हुए सड़क हादसे में राकेश मीणा,

उनकी पत्नी राधा और बेटा अश्विन गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे में राकेश के पैर में गंभीर चोट आई थी।

चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर उनके पैर में रॉड डाली थी। परिवार करीब 15 दिन पहले ही उपचार के बाद घर लौटा था।

राकेश अभी पूरी तरह स्वस्थ भी नहीं हुए थे।

पैर में रॉड होने के कारण वह ठीक से चलने-फिरने में भी असमर्थ थे।

परिवार हादसे से उबरकर सामान्य जिंदगी में लौटने की कोशिश कर रहा था।

लेकिन इसी बीच कर्ज के विवाद ने ऐसी खौफनाक शक्ल ले ली कि राकेश,

उनकी पत्नी और जवान बेटे की जिंदगी ही खत्म कर दी गई।

बुधनी में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या के मामले में पुलिस ने गुरुवार को चौंकाने वाला खुलासा किया।

पुलिस के मुताबिक, महज साढ़े तीन से चार लाख रुपए के कर्ज से बचने के लिए

आरोपियों ने पूरे परिवार को मौत के घाट उतारने की साजिश रची थी।

मामले में जगदीश और अनिल नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

दो लाख का कर्ज ब्याज सहित पहुंचा चार लाख तक

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी जगदीश ने करीब ढाई साल पहले राकेश से दो लाख रुपए उधार लिए थे।

समय बीतने के साथ ब्याज जुड़ता गया और यह रकम करीब साढ़े तीन से चार लाख रुपए तक पहुंच गई।

आरोपी कर्ज लौटाने में आनाकानी कर रहा था। फसल बेचकर रकम चुकाने की बात भी हुई,

लेकिन उसने भुगतान करने के बजाय परिवार को ही रास्ते से हटाने की योजना बना ली।

चाय पीने के बाद कुल्हाड़ी से हमला

पुलिस की जांच में सामने आया कि वारदात से सात-आठ दिन पहले हत्या की साजिश रची गई थी।

16 नवंबर की रात करीब 11 बजे दोनों आरोपी घर पहुंचे। वे पिछले दरवाजे से अंदर दाखिल हुए।

परिवार के साथ बैठकर बातचीत की और चाय भी पी।

इसके बाद कुल्हाड़ी के पिछले हिस्से से पहले अश्विन, फिर राकेश और उनकी पत्नी राधा के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए।

डायरी और चाय के कप से खुला राज

पुलिस को घटनास्थल से मिली डायरी में पैसों के लेन-देन का हिसाब मिला।

वहीं चाय के चार कप भी जांच में अहम कड़ी बने। फिंगरप्रिंट और कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस ने

आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की। हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी जब्त की गई है।

हादसे के बाद बनाया था अपना आशियाना

मूल रूप से शाजापुर जिले का रहने वाला यह परिवार करीब तीन साल पहले बुधनी आया था।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अपना घर बनाया था।

राकेश और उनकी पत्नी पहले मजदूरी करते थे।

बाद में राकेश मेलों में जूते-चप्पल की दुकान लगाने लगे थे।

परिवार मेहनत-मजदूरी कर अपनी जिंदगी संवारने में जुटा था।

लेकिन पहले सड़क हादसे ने परिवार को शारीरिक और आर्थिक परेशानी में डाल दिया।

और फिर कर्ज के विवाद ने परिवार के तीनों सदस्यों की जिंदगी छीन ली।

Keywords:

  • बुधनी ट्रिपल मर्डर (Budhni Triple Murder)

  • राकेश मीणा हत्याकांड (Rakesh Meena Murder Case)

  • सीहोर ट्रिपल मर्डर (Sehore Triple Murder)

  • कर्ज के लिए हत्या (Murder Over Debt)

  • मध्य प्रदेश अपराध समाचार (MP Crime News)

  • बुधनी मर्डर केस (Budhni Murder Case)

See also  MP:मिट्टी-राख से बना रहे थे नकली DAP, 500 से ज्यादा सरकारी बोरियां जब्त