मप्र,राज्यसभा चुनाव:बीजेपी प्रत्याशियों ने भरे परचे,कांग्रेस प्रत्याशी का कार्यक्रम अभी तय नही

भोपाल।
मध्य प्रदेश की तीन राज्यसभा सीटों के लिए चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा के दोनों उम्मीदवारों तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल ने शनिवार को नामांकन दाखिल किए।

इस तरह बीजेपी ने चुनाव में बढ़त बनाई,जबकि कांग्रेस की ओर से चयनित उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के नामांकन दाखिल करने का अ​भी कोई कार्यक्रम तय नहीं।

माना जा रहा है वह नामांकन के अंतिम दिन यानी सोमवार 8 जून को अपना परचा दाखिल कर सकती हैं।

काफिले के साथ विधानसभा पहुंचे

भाजपा प्रत्याशियों ने शनिवार दोपहर विधानसभा पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। इससे पहले प्रदेश भाजपा कार्यालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, मंत्रियों और विधायकों की मौजूदगी में बैठक हुई।

बैठक के बाद नेताओं ने शिव और हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की और फिर काफिले के साथ विधानसभा पहुंचे।(In Photo Rajneesh and Tarun Chugh)

बीजेपी के तीसरे प्रत्याशी की भी अटकलें

नामांकन के मौके पर भाजपा नेताओं के बयानों ने सियासी चर्चाओं को भी हवा दे दी। पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह ने दावा किया कि पार्टी तीसरा उम्मीदवार उतारे तो उसकी जीत भी सुनिश्चित है।

वहीं मंत्री राकेश सिंह ने इस संभावना पर सीधा जवाब देने के बजाय संकेतों में बात की। इसे भाजपा की रणनीति या विपक्ष पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

भितरघात की संभावनाएं तलाश रही बीजेपी

दूसरी ओर कांग्रेस ने पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन को उम्मीदवार बनाया है, लेकिन पार्टी के भीतर इस फैसले को लेकर मतभेद की खबरें सामने आ रही हैं।

राजनीतिक सूत्रों का दावा है कि कुछ नेताओं की अलग पसंद थी लेकिन पार्टी नेतृत्व ने मीनाक्षी के नाम पर मुहर लगाई। इससे बीजेपी,चुनाव के दौरान कांग्रेस में भितरघात की संभावनाएं तलाश रही है।

पत्नी ने आरती उतारकर दी शुभकामनाएं

भाजपा प्रत्याशी रजनीश अग्रवाल ने नामांकन से पहले अपने निवास पर पूजा-अर्चना की।

उनकी पत्नी ने तिलक लगाकर आरती उतारी और विजय की शुभकामनाएं दीं।

इसके बाद वे समर्थकों और नेताओं के साथ विधानसभा पहुंचे।

क्या है राज्यसभा चुनाव का गणित?
मध्य प्रदेश की तीन सीटों में से दो पर भाजपा और एक पर कांग्रेस की जीत लगभग तय मानी जा रही है।

विधानसभा में भाजपा के भारी बहुमत के कारण पार्टी के दोनों उम्मीदवार मजबूत स्थिति में हैं, जबकि कांग्रेस के पास एक सीट जीतने लायक संख्या बल मौजूद है,लेकिन कांग्रेस प्रत्याशी चयन पर विरोध होने से भितरघात के आसार बढ़ गए हैं।

चुनाव कार्यक्रम

8 जून तक नामांकन दाखिल होंगे।
9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी।
11 जून तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।
18 जून को मतदान और मतगणना होगी।

इस बार जिन सांसदों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है उनमें कांग्रेस के दिग्विजय सिंह तथा भाजपा के जॉर्ज कुरियन और प्रो. सुमेर सिंह सोलंकी शामिल हैं।

चुनाव परिणाम भले ही संख्या बल के आधार पर लगभग तय माने जा रहे हों, लेकिन नामांकन के साथ ही राजनीतिक संदेशों और शक्ति प्रदर्शन का दौर शुरू हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *