AAP ने भोपाल से किया चुनावी शंखनाद,केजरीवाल ने भरी हुंकार,कहा..एक बार मौका दें,बिजली,पानी,इलाज सब फ्री

” केजरीवाल ने मनगलवार को भोपाल में कहा कि सिंगरौली में ट्रेलर देखा था अब फिल्म दिखाएंगे। कांग्रेस व भाजपा को 45 साल 20 साल मौका दिया पर कुछ नहीं किया। इस बार आप को देकर देख लो, काम न करूं तो वापस वोट मांगने नहीं आऊंगा। दिल्ली के लोगों ने मुझे 49 दिन का मौका दिया था फिर प्यार हो गया। दिल्ली की बात पंजाब पहुंची तो वहां भी हमें सरकार बनी। एक मौका दे दो, बिजली फ्री दूंगा।”

भोपाल। आम आदमी पार्टी (AAP) ने आप यानी मंगलवार को मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव का शंखनाद कर दिया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भोपाल के भेल दशहरा मैदान पहुंचे ।

भगवंत मान ने सभा को संबोधित किया। पीएम मोदी की ओर इशारा करते हुए मान ने कहा कि ‘बड़े साहब’ कहते हैं कि में रेल के डिब्बों के चाय बेचता था। अब ‘बड़े साहब’ रेल ही बेच दी। ‘बड़े साहब’ ने रेल से लेकर तेल तक, सब बेच दिया।

केंद्र सरकार ‘हम दो हमारे दो’ के नारे पर चल रही है। ऊपर वाले दो यानी अडाणी और अंबानी। मान ने कांग्रेस को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस चेंज नहीं, एक्सचेंज हो गई है। कांग्रेस सेल पर है।

मान ने कहा कि नीयत साफ हो, तो सब कुछ हो सकता है। पंजाब में आप ने ये कर दिखाया है। हम सच्ची नीयत से काम करने वाले लोग हैं। हम किसी पार्टी को छोड़ने या निकाले जाने वाले लोग नहीं हैं। मान ने कहा कि हम जनता से पूछकर पॉलिसी बनाते हैं।

‘सरकार आपके द्वार’ का काम हमारी सरकार करती है। विश्वस्तरीय शिक्षा पर सबका अधिकार है, लेकिन इनके यहां फर्क होता है। अमीर गरीब में.. किताबों तक फर्क करते हैं। काम करने वालों को भाजपा सरकार जेल में डलवा देती है।

‘आप’ को मौका दो, काम न करूं तो वापस वोट मांगने नहीं आऊंगा – केजरीवाल
यहां प्रदेशभर से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ‘आप’ के संयोजक और दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि लोग कह रहे हैं मप्र की सबसे बड़ी समस्या मामा है। मप्र में सरकारें बेची-खरीदी जाती हैं। चुनाव के बाद एक पार्टी विधायक बेचती है दूसरी खरीदती है। कांग्रेस को वोट दो या भाजपा को। सरकार मामा की बनती है। इस बार झाड़ू पर वोट दे देना समस्या खत्म।
केजरीवाल ने कहा कि सिंगरौली में ट्रेलर देखा था अब फिल्म दिखाएंगे। कांग्रेस व भाजपा को 45 साल 20 साल मौका दिया पर कुछ नहीं किया। इस बार आप को देकर देख लो, काम न करूं तो वापस वोट मांगने नहीं आऊंगा। दिल्ली के लोगों ने मुझे 49 दिन.का मौका दिया था फिर प्यार हो गया। दिल्ली की बात पंजाब पहुंची तो वहां भी हमें सरकार बनी। एक मौका दे दो, बिजली फ्री दूंगा। स्कूल का कायाकल्प किया। मप्र वालों एक मौका देकर देखो, बच्चों का भविष्य बना दूंगा। दिल्ली में 50 लाख तक का इलाज मुफ्त। मप्र मौका दे तो उन्हें भी मुफ्त इलाज दूंगा। दिल्ली में 12 लाख को नौकरी दी, पंजाब में 27 हजार को।

मप्र का युवा मौका दे तो सबको नौकरी देंगे। कर्मचारियों को नियमित कर देंगे। पहले धर्म की राजनीति थी, हमने काम की राजनीति शुरू की। आजादी के बाद से किसी ने स्कूल नहीं बनाए। हमें काम करना आता है। गुजरात में घुस गए 2027 में सरकार बना लेंगे। सत्येंद्र जैन ने बिजली मुफ्त दी। मोहल्ला क्लीनिक बनाए।

मनीष सिसोदिया ने सरकारी स्कूलों में कमाल कर दिया। शानदार भवन है। लोग निजी स्कूलों से बच्चों को निकालकर सरकारी स्कूलों में डाल रहे हैं। दोनों को प्रधानमंत्री ने जेल भेज दिया। देश का प्रधानमंत्री कम पढ़ा लिखा होगा तो कोई भी बुद्धू बना देगा। जो अफसर कहेंगे, वही कर देंगे।

इससे पहले भोपाल स्टेट हैंगर पर केजरीवाल ने कहा कि उनकी पार्टी प्रदेश की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। आजादी के बाद से अब ये हालत हो गई है कि वोट किसी को दो, सरकार बीजेपी की बनती है। दशहरा मैदान पर प्रदेशभर से आप कार्यकर्ता आए हुए हैं।

AAP के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप पाठक और प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेंद्र सिंह करीब एक महीने से MP में ही डेरा डाले हैं। संदीप पाठक प्रदेश के अलग-अलग शहरों में कार्यकर्ताओं की बैठकें ले चुके हैं। AAP नेताओं का दावा है कि कार्यक्रम में BJP, कांग्रेस और दूसरे दलों के कई नेता और पदाधिकारी AAP जॉइन करेंगे।


प्रदेश में AAP की 1 मेयर और 52 पार्षद
आम आदमी पार्टी ने पिछले साल हुए नगरीय निकाय के चुनाव में अपने उम्मीदवार उतारे थे। सिंगरौली नगर निगम में आम आदमी पार्टी ने रानी अग्रवाल को मेयर बनाने में कामयाबी हासिल की।

सिंगरौली के अलावा पार्टी के प्रदेश भर में 52 पार्षद जीते थे। नगरीय निकाय के चुनाव में AAP को 6.3% वोट मिले थे। पंचायत चुनाव में 10 जिला पंचायत सदस्य, 27 जनपद पंचायत सदस्य और 118 सरपंच चुनाव जीते थे।

जनता से पूछकर तय होगा AAP का CM कैंडिडेट
AAP के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री और राज्यसभा सांसद संदीप पाठक का कहना है, हमारी पार्टी की यही नीति रही है कि हम मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित कर चुनाव के मैदान में जाते हैं।

लेकिन, हमारा उम्मीदवार जनता के ऊपर थोपा नहीं जाएगा, बल्कि हम जनता से पूछकर ही मप्र में आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करेंगे।


भोपाल में ट्रैफिक प्लान में बदलाव

दोपहर 12 बजे से ट्रैफिक व्यवस्था बदली गई है। सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्रों में गोविंदपुरा टर्निंग से अन्ना नगर तिराहा, कॅरियर कॉलेज, सद्भावना चौराहा, भेल गेट न-6, महात्मा गांधी चौराहा, सिक्यूरिटी लाइन चौराहा की ओर आने वाले रास्तों और भेल दशहरा मैदान रहेंगे।

इस दौरान पब्लिक ट्रांसपोर्ट के सभी वाहन, माल वाहक व भारी वाहन इस क्षेत्र में प्रतिबंधित रहेंगे। इन्हें गोविंदपुरा टर्निंग से अन्ना नगर तिराहा, कॅरियर कॉलेज, सद्भावना चौराहा, गांधी चौराहा, सिक्यूरिटी लाइन चौराहा की ओर नहीं आने-जाने दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *