विक्की दाहिया,उमरिया। दिल्ली और पंजाब में सरकार बनाने के बाद आम आदमी पार्टी की निगाहें अब मध्यप्रदेश पर है। इसके चलते पार्टी ने यहां अपना सदस्यता अभियान तेज कर दिया है। यही नहीं कांग्रेस,भाजपा के असंतुष्ट नेता को उसने अपने पाले में लाना भी शुरू कर दिया है। इसी क्रम में हाल ही में जिले की पाली नगर पंचायत की पूर्व अध्यक्ष एवं पाली से वार्ड 5 की निर्दलीय पार्षद सुश्री उषा कौल ने दिल्ली पहुंचकर पार्टी की सदस्यता ली।
अन्य नेता भी कतार में
बताया जाता है कि अभी भाजपा,कांग्रेस के अन्य नेता भी इस कतार में हैं। सुश्री कौल ने बताया कि उनके साथ चंदिया के समीप ग्राम गिडौली के युवा नेता मुकेश मिश्रा ने भी आप की सदस्यता ग्रहण की(हालांकि मिश्रा से इसकी पुष्टि नहीं हो सकी) ।
उन्होंने कहा कि पार्टी का सदस्यता अभियान निरंतर जारी है। अब तक डेढ़ सौ अधिक नए लोगों को जिले में आप से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी गठित होगी। इसमें सक्रिय व जिम्मेदार लोगों को विभिन्न् दायित्व भी सौंपे जाएंगे।
सूत्रों का दावा है कि पाली से कांग्रेस के दो अन्य पार्षद भी जल्दी ही आप का दामन थाम सकते हैं।दरअसल,समीपस्थ जिला सिंगरौली में आम आदमी पार्टी का महापौर एवं प्रदेशभर में इसी पार्टी के 53 पार्षद निर्वाचित होने के बाद आप के प्रति लोगों का भरोसा बढ रहा है। विशेषकार कांग्रेस व भाजपा में लंबे समय से उपेक्षित नेता एवं कार्यकर्ता आप में अपना भविष्य देख रहे हैं।
‘कांग्रेस लहराएगी जीत का परचम’
जिले में शुरू हुए इस सियासी पलायन से प्रमुख् राजनीतिक दलों मेंं हडकंप मच गया है। हालांकि जिले के वरिष्ठ नेता एवं बांधवगढ विधानसभा के पूर्व उम्मीदवार डॉ ध्यान सिंहने जनप्रचार को बताया कि आम आदमी पार्टी का जिले में कोई प्रभाव नहीं है। इक्का-दुक्का लोगों के जाने से कांग्रेस को कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। जिले में कांग्रेस की स्थिति मजबूत है। उन्होंने दावा कि जिले की दोनों ही विधानसभा सीटों से इस बार कांग्रेस जीत का परचम लहराएगी।