माधव राष्ट्रीय उद्यान में ही है मादा चीता आशा
कूनो की सीमा से पिछले आठ दिन से बाहर घूम रही मादा चीता आशा दो दिन से माधव राष्ट्रीय उद्यान में है। रविवार को आशा उद्यान की उत्तरी रेंज में स्थित विनेगा आश्रम के पास एक प्राकृतिक नाले के पास लंबे समय तक बैठी रही।
पिछले माह नर चीता पवन (ओबान) भी उद्यान की सीमा में आ गया था, जहां से गुजरता हुआ वह अमोला तक पहुंच गया था। आशा भी उसी क्षेत्र में रही, जहां पर पहले पवन पहुंचा था। कूनो के अधिकारी यह मानकर चल रहे हैं कि अभी आशा कुछ दिनों तक माधव राष्ट्रीय उद्यान में ही रहेगी क्योंकि उसे ट्रेंकुलाइज करने की योजना नहीं है।
वह कूनो से करीब 50 किमी दूर है और आसानी से शिकार भी कर रही है। ऐसे में उसका स्वत: वापस लौटना भी मुश्किल लग रहा है। उसकी निगरानी में कूनो राष्ट्रीय उद्यान, वन मंडल और माधव राष्ट्रीय उद्यान की टीम जुटी हुई है।