मध्य प्रदेश में खत्म हो रहे जंगल: रानी अग्रवाल

भोपाल, मध्य प्रदेश में जंगलों और वन भूमि पर हो रहे लगातार अतिक्रमण को लेकर आम आदमी पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल ने प्रदेश की भाजपा सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि कभी मध्य प्रदेश में सर्वाधिक जंगल होते थे लेकिन अब प्रदेश में जंगल सिकुड़ते जा रहे हैं। जंगलों में अंधाधुंध पेड़ों की अवैध कटाई की जा रही है और वन भूमि पर वन और भू माफिया कब्जा कर रहे हैं।

आम आदमी पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष और सिंगरौली महापौर रानी अग्रवाल ने आगे कहा कि मध्य प्रदेश में हर तरह के माफिया का बोलबाला है। प्रदेश में वन माफिया और भू माफिया सक्रिय है और जंगलों को लगातार काट रहे हैं और जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। वन और भू माफिया की अफसरों के साथ मिलीभगत है। अफसरों के साथ मिलकर जंगल काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि छतरपुर में जिले के 3 रेंजर का तबादला किया गया था लेकिन उसके बाद भी हाईकोर्ट के स्टे के सहारे 3 रेंजर छतरपुर जिले में जमे हुए हैं।
रानी अग्रवाल ने कहा कि वन विभाग के अफसरों और वन माफिया की मिलीभगत के कारण जंगल काटे जा रहे हैं और वन विभाग की जमीन पर कब्जा हो रहा है। वन भूमि पर अवैध बस्तियां बसाई जा रही हैं। वन विभाग की जमीन पर खेती की जा रही है। आदिवासियों को आगे करके भू माफिया जंगल काट रहे हैं।बिजावर के पास पहाड़ी पर ही मकान और फार्महाउस तैयार किए जा रहे हैं।

आप की प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल ने आगे कहा कि सरकार भ्रष्ट अफसरों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है इसलिए वन और भू माफिया के हौसले बुलंद है। उन्होंने कहा कि वन विभाग के घूसखोर अधिकारियों के बुलंद हौसलों का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वन माफियाओं से मिलकर अफसर खुद जमीन पर अवैध कब्जा कर रहे हैं।
रानी अग्रवाल ने कहा कि भाजपा राज में प्रदेश में अराजकता का माहौल है। सरकार का ध्यान केवल चुनाव और इवेंट पर है। जनता और प्रदेश की समस्याओं पर सरकार का कोई ध्यान नहीं हैं। प्रदेश अब पूरी तरह से अफसरों के हवाले है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पर्यावरण को लेकर बड़ी बड़ी बातें करती है लेकिन जंगल और वन भूमि बचाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाते हैं।

आप की प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद दिल्ली में जंगल एरिया बढ़ा है लेकिन मध्य प्रदेश की पहचान जिन जंगलों से होती थी अब वो जंगल माफिया खत्म कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को वन और भू माफिया के खिलाफ एक अभियान चलाकर कार्रवाई करनी चाहिए जिससे जंगलों को खत्म होने से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की मध्य प्रदेश में सरकार बनने पर माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और उन्हें जेल भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *