पहली बार: उमरिया के लाइनमैन का जीवन बचाने बिजली कंपनी ने की एयर एंबुलेंस व्यवस्था

जबलपुर। प्रदेश में बिजली कंप​नियों के इतिहास में पहली बार​​ किसी लाइनमैन का जीवन बचाने उसे एयर एंबुलेंस से दिल्ली के बड़े अस्पताल भेजा गया। यह निर्णय कंपनी के एमडी व आईएएस अनय द्विवेदी ने लिया। हालांकि अनय ​तुनुक मिजाजी के लिए जाने जाते हैं लेकिन इस मामले में उनके फैसले की सराहना हो रही है।

प्राप्त जानकारी अनुसार,उमरिया जिले के भरेवा वितरण केन्द्र में पदस्थ बिजली कंपनी का लाइनमैन अनिल दीपांकर कार्य के दौरान विद्युत दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें उपचार के लिए पहले कटनी,इसके बाद जबलपुर लाया गया।

हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई। अनिल के परिवारजनों की ऐसी स्थिति नहीं कि 6-7 लाख रुपए खर्च कर बीमार को दिल्ली ले जा पाते। इधर,घायल लाइनमैन के शरीर में इन्फेक्शन लगातार गंभीर रूप ले रहा था।

यह बात जब पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के एमडी अनय द्विवेदी (In Photo)को पता चली तो उन्होंने बिना देर किए एयर एंबुलेंस करने के निर्देश दिए, कुछ ही घंटों में एयर एंबुलेंस जबलपुर आई जिसके बाद घायल अनिल को इलाज के परिवार वालों के साथ दिल्ली रवाना किया गया।

बताया जाता है कि कर्मचारी को एयर एंबुलेंस से भेजने ने करीब सात लाख रुपए का खर्चा आया है। कंपनी के इतिहास में संभवतः यह पहला अवसर है जब किसी घायल लाइन स्टाफ के जीवन को बचाने उसे एयर एंबुलेंस की सुविधा प्रदान की गई है।

कुछ माह पहले आयुध निर्माणी खमरिया में विस्फोट के दौरान एक कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गया था जिसे फैक्ट्री प्रबंधन ने इलाज के लिए अपने खर्च पर एयर एंबुलेंस से हैदराबाद भेजा था। बहरहाल,कंपनी एमडी अनय द्विवेदी के इस फैसले की सर्वत्र सराहना हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *