नगर निगम में दो बार नेता प्रतिपक्ष रहे मो. सगीर का निधन

 

भोपाल। नगर निगम में दो बार नेता प्रतिपक्ष रह चुके वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पार्षद मो. सगीर का मंगलवार रात निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। बुधवार को उनके पार्थिव शरीर को जहांगीराबाद स्थित जदा कब्रिस्तान में सुबह 11 बजे सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।

बता दें कि मो. सगीर पांच बार पार्षद रह चुके हैं। वर्तमान में वह वार्ड 41 से पार्षद थे। मालती राय से पहले वो विभा पटेल, सुनील सूद, कुष्णा गौर और आलोक शर्मा के महापौर रहते निगम परिषद में पार्षद थे। इस बार भी उन्हें नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष का प्रबल दावेदार माना जा रहा था। लेकिन अपने स्थास्थ्य ठीक नहीं होने से उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया था।

जिसके बाद शबिस्ता जकी को नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष बनाया गया। मो. सगीर के स्वजन ने बताया कि उनको डायबिटीज की बीमारी हो गई थी। जिससे उनके पैर में संक्रमण हो गया था। इसका इलाज वो बाम्बे में एक निजी अस्पताल में करा रहे थे। हाल ही में इलाज के बाद घर लौटे थे। मो. सगीर अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी तीन बेटियां सहित एक बेटा है। उनके करीबी मित्र और वार्ड-42 के पार्षद अजीजउद्दीन ने बताया कि हाल ही में उनका घर पर ही डायलिसिस हुआ था। मंगलवार को अचानक स्वास्थ्य खराब होने पर जहांगीराबाद के नजदीकी अस्पताल ले जाया गया था, जहां उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डाक्टरों ने उन्हें बागसेवनिया स्थित अपोलो अस्पताल ले जाने की सलाह दी। लेकिन रास्ते में ही उनका इंतकाल हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *