जमीन विवाद में धरमपुरी भाजपा विधायक पर हमला, सिर में लगी चोट

रवि अवस्थी,भोपाल।

धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र के ग्राम सिरसोदिया में सोमवार दोपहर जमीन विवाद के चलते धरमपुरी विधानसभा से भाजपा विधायक कालू सिंह ठाकुर पर हमला हो गया।

आरोप है कि खेत में चल रहे काम का निरीक्षण करने पहुंचे विधायक पर पड़ोसियों ने विवाद के दौरान पत्थर से वार किया, जिससे उनके सिर में चोट आई और खून बहने लगा।

फोरलेन के पास खेत में हुआ विवाद

विधायक के मुताबिक, दोपहर करीब 12 बजे वे नारायण सिंगार, नवदीप निंगवाल और गनमैन कैलाश पवार के साथ फोरलेन के पास स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पीछे अपने खेत में पहुंचे थे।

इसी दौरान पड़ोसी पक्ष वहां आया और जमीन को अपनी बताते हुए विवाद शुरू कर दिया।

गाली-गलौज और धमकी का आरोप

विधायक ने पुलिस को बताया कि प्रिंस उर्फ पिंटू, गेंदाबाई (पति संतोष गिरवाल) और रंजू (पति शंकर गिरवाल), निवासी सिरसोदिया, ने न सिर्फ अश्लील गालियां दीं बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी।

विवाद बढ़ने पर प्रिंस ने पत्थर से विधायक के सिर पर वार किया, जबकि अन्य आरोपियों ने थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की।

अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद साथियों ने बीच-बचाव कर घायल विधायक को शासकीय अस्पताल धामनोद पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

धामनोद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296(ए), 109 और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

See also  दतिया विस सीट खाली: सजा के बाद गई विधायक राजेंद्र भारती की कुर्सी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *