कपलिंग टूटने से दो हिस्सों में बंटी मालवा एक्सप्रेस

25
भोपाल।इंदौर के महू (डॉ. अंबेडकर नगर) से कटरा( वैष्णो देवी) के लिए रवाना हुई मालवा एक्सप्रेस की कपलिंग टूट गई। इससे ट्रेन दो हिस्सों में बंटकर रूक गई। घटना शुजालपुर के पास बेरछा स्टेशन पर शनिवार दोपहर 3.55 बजे की है। इस घटना के बाद ट्रेन यहां करीब दो घंटे तक खड़ी रही।
ट्रेन में सवार एक यात्री ने बताया कि पीर उमरोद रेलवे स्टेशन के पास कपलिंग (ट्रेन के दो डिब्बों को जोड़ने वाले जॉइंट) खुलने से इंजन और उसके पीछे की दो बोगी अलग हो गई थी। यहां कपलिंग को ठीक कर ट्रेन को रवाना किया गया। 10 मिनट बाद बेरछा रेलवे स्टेशन आने से पहले दोबारा यह कपलिंग खुल गया।
ट्रेन का एक हिस्सा इंजन के साथ चला गया
कपलिंग खुलने के बाद ट्रेन का एक हिस्सा इंजन के साथ आगे चला गया। दूसरा हिस्सा पटरी पर ही चलता रहा। डिब्बों में कई यात्री सवार थे। हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई।
यात्री बोले-इंजन को रिवर्स आता देख पता चला
ट्रेन में महू से सवार होकर दिल्ली जा रहे यात्री कर्तव्य सिंह ने बताया कि वह बी-1 कोच में सफर कर रहे थे। ट्रेन चलते-चलते अचानक रुक गई। उस समय 3:45 बज रहे थे। सभी यात्री कोच से बाहर निकले तो देखा इंजन कुछ डिब्बों के साथ रिवर्स आ रहा है। तब पता चला कि इंजन और कुछ डिब्बे अलग हो गए हैं। कपलिंग ठीक कर ट्रेन रवाना हुई। दस मिनट बाद फिर रुक गई, फिर हमने उतर कर देखा तो इंजन से डिब्बे अलग हो गए थे, फिर ट्रेन को बेरछा में सही किया गया।