उमरिया को मिली नई कमान: सख्त प्रशासक राखी सहाय ने संभाली कलेक्टर की जिम्मेदारी

वि​क्की दाहिया,उमरिया। (9399704493)

जिले को नई प्रशासनिक दिशा देने के उद्देश्य से सोमवार को श्रीमती राखी सहाय ने कलेक्टर पद का कार्यभार संभाल लिया।

पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने कलेक्ट्रोरेट परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से सीधा संवाद कर कामकाज की गति और पारदर्शिता पर जोर दिया।

पहले दिन ही एक्शन मोड: सुशासन और गति पर फोकस

कार्यभार संभालते ही नवागत कलेक्टर ने अधिकारियों की बैठक लेकर साफ संकेत दे दिए कि प्रशासनिक कामकाज में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

उन्होंने शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण और जनहित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ अभय सिंह, अपर कलेक्टर पी.के. सेनगुप्ता, संयुक्त कलेक्टर अमित सिंह, एसडीएम हरनीत कौर कलसी (मानपुर), एसडीएम अम्बिकेश प्रताप सिंह (बांधवगढ़) सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

प्रशासनिक अनुभव और नई जिम्मेदारी

वर्ष 2015 बैच की आईएएस अधिकारी राखी सहाय राज्य प्रशासनिक सेवा से पदोन्नत होकर भारतीय प्रशासनिक सेवा में शामिल हुईं।

यह उनका पहला जिला कलेक्टर के रूप में कार्यभार है। इससे पहले वे मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) में सचिव के रूप में सेवाएं दे चुकी हैं।

कड़े फैसलों के लिए जानी जाती हैं सहाय

20 मई 1975 को जन्मी राखी सहाय एमए (अर्थशास्त्र) हैं और मध्य प्रदेश वित्त निगम, इंदौर में प्रबंध निदेशक के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।
उनकी पहचान एक ईमानदार और सख्त प्रशासक के रूप में रही है, जो परिणाम आधारित कामकाज को प्राथमिकता देती हैं।

अंत्योदय पर जोर, जनता से सीधा जुड़ाव लक्ष्य

पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

उन्होंने “अंत्योदय” की भावना के साथ काम करने और जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *