सीधी। सीधी जिले की चुरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनिया टनल के समीप ग्राम बरखड़ा के पास बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक.एक कर तीन यात्री बस पलट गई। एक बस को ट्रक ने मारी टक्कर जबकि दो बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मोहनिया टनल के पास यात्री बस पलट गई।अपुष्ट सूचना के अनुसार इस दुर्घटना में 6 लोगों की मौत होने की जानकारी मिली है। तीन दर्जन लोगों के इस हादसे में घायल होने की जानकारी मिली है। रीवा कमिश्नर और आइजी मौके पर पहुंच रहे हैं। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री चौहान आज सतना में थे। बताया जाता है कि घटना की सूचना मिलते ही वह रीवा मेडिकल कॉलेज के लिए रवाना हो गए हैं।
बताया जाता है कि बस में 50 यात्री सवार थे। इनमें से 12 यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार बस पलटते ही मौके पर अफरातफरी का वातावरण निर्मित हो गया। आसपास के लोक मौके पर पहुंंच गए और राहत और बचाव कार्य आरंभ कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अनियंत्रित बस मोहनिया टनल के पास अचानक पलट गई। रात का समय होने से बचाव कार्य में दिक्कत आ रही है। सूचना पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके के लिए रवाना हो गए हैं। कुछ लोगों का कहना है कि तीन लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, लेकिन मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।
गंभीर घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा जा रहा है, वहीं मामूली घायलों का समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चुरहट में भी इलाज किया जा रहा है। कलेक्टर साकेत मालवीय और पुलिस अधीक्षक मुकेश श्रीवास्तव मौके पर पहुंच गए हैं। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
सीएम शिवराज सिंह ने जताया दुख
सीधी में बस पलटने से हुई दुर्घटना का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ।
ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति देने तथा घायलों के शीघ्र पूर्णत: स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) February 24, 2023