मॉस्को।
रूस के साइबेरिया क्षेत्र में मंगलवार रात एक बड़ा सैन्य विमान हादसा हो गया।
सैन्य परिवहन विमान एएन-12 (Antonov An-12) दुर्घटनाग्रस्त होकर जमीन पर गिर गया।
इस दर्दनाक हादसे में विमान में सवार सभी 19 लोगों की मौत हो गई। रूस के रक्षा मंत्रालय ने इसकी पुष्टि की है।
हादसा दक्षिण-पश्चिमी साइबेरिया के केमेरोवो क्षेत्र में यागुनोवो गांव के पास हुआ।
विमान एक निर्धारित उड़ान पर था और इसी दौरान आबादी से दूर एक सुनसान इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
उड़ान के दौरान आई तकनीकी खराबी, फिर हुआ धमाका
रूस की सरकारी समाचार एजेंसी आरआईए के मुताबिक, रक्षा मंत्रालय ने शुरुआती जांच में तकनीकी
खराबी को हादसे की संभावित वजह बताया है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों और सामने आए वीडियो फुटेज के अनुसार, विमान आग की लपटों के साथ नीचे गिरता दिखाई दिया।
जमीन से टकराने के बाद जोरदार धमाका हुआ और घटनास्थल पर आग लग गई।
क्षेत्रीय गवर्नर इल्या सेरेद्युक ने बताया कि आपातकालीन बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया।
राहत एवं बचाव दल के साथ जांच एजेंसियां भी घटनास्थल पर मौजूद हैं।
19 लोगों की मौत से मचा हड़कंप
रूसी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, विमान में चालक दल के सदस्यों सहित कुल 19 लोग सवार थे। हादसे में कोई भी जीवित नहीं बचा।
शुरुआती खबरों में मृतकों की संख्या 17 बताई गई थी, लेकिन बाद में रक्षा मंत्रालय ने आंकड़ा बढ़ाकर 19 कर दिया।
क्या है एएन-12 विमान की खासियत?

– एएन-12 सोवियत दौर का सैन्य परिवहन विमान है।
– इसमें चार टर्बोप्रॉप इंजन लगे होते हैं।
– इसका इस्तेमाल सैनिकों और सैन्य सामान को पहुंचाने में होता है।
– इस विमान का निर्माण 1950 के दशक के अंत में शुरू हुआ था।
– एक हजार से अधिक विमान बनाए जा चुके हैं।
जांच में जुटी रूसी एजेंसियां
रूस की एयरोस्पेस फोर्सेज की एक विशेष टीम दुर्घटनास्थल पर जांच कर रही है।
इसके अलावा रूस की जांच समिति ने भी उड़ान सुरक्षा नियमों के संभावित उल्लंघन को लेकर जांच शुरू की है।
अधिकारियों का कहना है कि विमान दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
Keywords:
रूस विमान दुर्घटना (Russia Plane Accident), सैन्य विमान क्रैश (Military Aircraft Crash),
साइबेरिया विमान हादसा (Siberia Plane Crash), एएन-12 विमान (AN-12 Aircraft), रूस में 19 की मौत (19 Dead in Russia)