जनमत संग्रह में फैसला,यूक्रेन के 4 इलाके कल से होंगे रूस का हिस्सा

 मॉस्को
रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान रूस ने यूक्रेन के 4 प्रमुख इलाकों पर अपना नियंत्रण स्थापित कर लिया था. बाद में इन क्षेत्रों में जनमत संग्रह कराया गया और शुक्रवार से ये चारों इलाके आधिकारिक तौर पर रूस का हिस्सा होंगे. क्रेमलिन ने इसकी पुष्टि भी कर दी है.

रूस के प्रेसिडेंट व्लादिमिर पुतिन के कार्यालय यानी क्रेमलिन की ओर से एक बयान में कहा गया है कि शुक्रवार को रूस उसके नियंत्रण वाले यूक्रेन के 4 क्षेत्रों को आधिकारिक तौर पर अपने में सम्मिलित कर लेगा. हाल में इन इलाकों में जनमत संग्रह कराया गया था. एपी की रिपोर्ट के मुताबिक इसके लिए एक कार्यक्रम आयोजित कर इन इलाकों को रूस का हिस्सा घोषित कर दिया जाएगा.

रूस ने कराया जनमत संग्रह

यूक्रेन के जिन हिस्सों को रूस में सम्मिलित किया जाना है, उनमें यूक्रेन के लुहांस्क, जापोरिज्जिया, खेरसन और दोनेत्स्क शामिल हैं. इन इलाकों में हाल ही में जनमत संग्रह कराया गया जो मंगलवार को पूरा हो गया. खबर के मुताबिक रूसी सैनिकों की मौजूदगी में हुए इस जनमत संग्रह के बाद ही रूस ने यूक्रेन के इन चार क्षेत्रों को अपने में मिलाने का फैसला किया है.

अमेरिकी नागरिकों को रूस छोड़ने का अलर्ट

रूस और यूक्रेन के बीच जंग को थमता ना देख अमेरिका की ओर से अपने नागरिकों के लिए सिक्योरिटी अलर्ट भी जारी किया गया है. अमेरिका ने उनसे तुरंत रूस छोड़ने के लिए कहा है. मास्को स्थित अमेरिकी दूतावास ने बुधवार जारी अलर्ट में कहा है कि जो भी अमेरिकी नागरिक इस वक्त रूस में हैं, वे तत्काल वहां से निकल जाएं और जो भी लोग रूस जाने की योजना बना रहे हैं, वे फिलहाल वहां की यात्रा करने से बचें.

See also  आज से शुरू होगा संसद का शीतकालीन सत्र, 16 विधेयक लाएगी सरकार

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन की अगुवाई में शुरू हुए रूस-यूक्रेन वार को 7 महीने से ज्यादा का समय हो चुका है. रूस की सेना ने यूक्रेन के कुछ इलाकों पर कब्जा कर लिया था, अब इन्हीं क्षेत्रों के रूस में मिलाने की घोषणा कर दी जाएगी. युद्ध को लेकर वैश्विक समुदाय ने रूस की घोर आलोचना की, उस पर कई आर्थिक प्रतिबंध चस्पा किए गए हैं. वहीं उसे अलग-थलग करने की कोशिश भी हुई है. वहीं यूक्रेन की ओर से भी रूस को युद्ध में कड़ी चुनौती मिली है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *