इब्राहिम रईसी को श्रद्धांजली देने ईरान जा सकते हैं उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़
ईरानी राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी के अंतिम संस्कार में भारत के प्रतिनिधि के तौर पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के शामिल होने की संभावना है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक धनखड़ बुधवार को ईरान की राजधानी तेहरान के लिए रवाना होंगे। वहीं, ईरानी राष्ट्रपति के अंतिम संस्कार में रुस के राष्ट्रपति पुतिन शामिल होंगे। रईसी के सम्मान में मंगलवार को पूरे भारत में एक दिवसीय राजकीय शोक रखा गया है।
ईरान में रविवार शाम पहाड़ी क्षेत्र में खराब मौसम की वजह से राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी का हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया था। इस हेलिकॉप्टर में राष्ट्रपति के साथ ही विदेश मंत्री और कई अन्य अधिकारियों का निधन हो गया था। रईसी और उनका दल रविवार को अजरबैजान-ईरान सीमा पर एक इलाके की यात्रा से लौटने के बाद तबरीज शहर की ओर जा रहे थे।