मध्य-पूर्व में तनाव एक बार फिर विस्फोटक मोड़ पर पहुंच गया है। अमेरिका पर सीजफायर तोड़ने का आरोप लगाते हुए ईरान ने चेतावनी दी है कि अब जवाब “बिना किसी हिचकिचाहट” के दिया जाएगा।
अमेरिकी सेना ने ओमान की खाड़ी में ईरानी तेल टैंकरों को निशाना बनाया, जिसके बाद होर्मुज स्ट्रेट में हालात और बिगड़ गए हैं।
संयुक्त राष्ट्र की समुद्री एजेंसी IMO के मुताबिक संकट के चलते खाड़ी क्षेत्र में करीब 1500 जहाज फंस गए हैं, जिनमें लगभग 20 हजार नाविक मौजूद हैं।
तेल टैंकर पर हमला, ईरान का पलटवार संकेत
ईरानी सरकारी मीडिया प्रेस TV के अनुसार, खातम अल-अंबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर के प्रवक्ता ने दावा किया कि अमेरिकी सेना ने जास्क के पास ईरानी समुद्री क्षेत्र से गुजर रहे एक तेल टैंकर को निशाना बनाया।
यह टैंकर होर्मुज स्ट्रेट की ओर बढ़ रहा था। हमले के बाद तेहरान ने साफ कहा कि किसी भी सैन्य कार्रवाई का “करारा जवाब” दिया जाएगा।
ट्रम्प की दो टूक- डील करो, वरना फिर हमला होगा
अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ईरान को खुली चेतावनी दी।
ट्रम्प ने दावा किया कि ईरान ने अमेरिकी जंगी जहाजों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए, लेकिन अमेरिकी सेना ने उन्हें नाकाम करते हुए “ईरानी छोटी नावों को तबाह” कर दिया।
उन्होंने कहा कि अगर तेहरान परमाणु समझौते पर राजी नहीं हुआ तो अमेरिका आगे भी हमले करेगा।
होर्मुज संकट से दुनिया की सप्लाई चेन पर असर
संयुक्त राष्ट्र की समुद्री एजेंसी IMO के महासचिव आर्सेनियो डोमिंगेज़ (Arsenio Dominguez) ने चेताया कि होर्मुज संकट का असर वैश्विक तेल और गैस सप्लाई पर पड़ने लगा है।
खाड़ी क्षेत्र में जहाजों की आवाजाही बाधित होने से कई देशों की सप्लाई चेन प्रभावित हुई है, जबकि सोमालिया जैसे देशों में खाद्य संकट और गहराने की आशंका जताई गई है।
30 दिन के युद्धविराम फॉर्मूले पर चर्चा
The New York Times की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका और ईरान के बीच 30 दिन के अस्थायी युद्धविराम और होर्मुज स्ट्रेट को फिर खोलने के प्रस्ताव पर बातचीत चल रही है।
इस दौरान स्थायी परमाणु और सुरक्षा समझौते पर चर्चा जारी रखने की योजना है।
इजराइल-हिजबुल्लाह मोर्चा भी गरमाया
इधर, Israel और Hezbollah के बीच भी संघर्ष तेज हो गया है। इजराइल ने दावा किया कि बेरूत में हुए हमले में हिजबुल्लाह की रदवान यूनिट के कमांडर अहमद बलूत समेत कई बड़े कमांडर मारे गए।
जवाब में हिजबुल्लाह ने दक्षिणी लेबनान में इजराइली टैंकों और सैन्य ठिकानों पर हमले का दावा किया।
ईरान नेटवर्क पर नए अमेरिकी प्रतिबंध
तनाव बढ़ने के बीच अमेरिका ने ईरान से जुड़े तेल कारोबार नेटवर्क पर नए प्रतिबंध लगाए हैं। इनमें इराक के डिप्टी ऑयल मिनिस्टर अली मारीज अल-बहादली समेत कई कंपनियों को निशाने पर लिया गया है।
अमेरिका का आरोप है कि ये नेटवर्क तेल व्यापार के जरिए ईरान और उसके समर्थित संगठनों को आर्थिक मदद पहुंचा रहे थे।