पापा की अधूरी नींद में छिपा है परिवार का सुख ❤️

पापा सुबह सबसे पहले क्यों उठते हैं? उनकी नींद, पहली चाय, बच्चों की जरूरतें और परिवार के लिए किए गए त्याग की दिल छू लेने वाली कहानी पढ़िए।

बचपन से एक बात देखता आ रहा हूँ, जिसका जवाब आज तक नहीं मिला।

आखिर पापा लोग सुबह सबसे पहले कैसे उठ जाते हैं?

घर में मम्मी भी तो उनकी ही उम्र की होती हैं।

उन्हें भी उतनी ही नींद की जरूरत होती होगी, जितनी पापा को।

बल्कि कई बार तो मम्मी उनसे पहले सो जाती हैं।

लेकिन सुबह सबसे पहले उठने की जिम्मेदारी जैसे पापा ने अपने हिस्से लिखवा रखी होती है।

पापा चाहे रात में कितनी भी देर से घर आएँ, सुबह उठने का उनका समय कभी नहीं बदलता।

घर के बाकी लोग अभी रजाई में दुबके होते हैं, तब तक पापा उठ चुके होते हैं।

चुपचाप रसोई में जाते हैं, अपने और मम्मी के लिए चाय बनाते हैं। फिर बाहर निकलकर देखते हैं कि दूध आया या नहीं,

अखबार आया या नहीं, घर के दरवाजे ठीक से बंद हैं या नहीं।

कभी गौर कीजिएगा, पापा घर में सबसे पहले जागते ही नहीं, बल्कि सबसे देर से सोते भी हैं।

सबके खाने के बाद खाना खाते हैं, सबके सो जाने के बाद सोते हैं। रात में किसी को पानी चाहिए,

किसी को दवा चाहिए, किसी को कोई परेशानी है तो पापा हाजिर। और सुबह फिर वही

सबसे पहले उठने वाले पापा!

कभी-कभी तो लगता है कि पापा की नींद भी बड़ी अजीब होती है। उन्हें पता होता है कि घर में कौन कहाँ सो रहा है,

किसके कमरे की लाइट अभी तक जल रही है, कौन देर रात तक पढ़ रहा है और किसे सुबह जल्दी निकलना है।

रात में कितनी भी देर हो जाए, सुबह उनकी आँखें अपने आप खुल जाती हैं।

न कोई अलार्म, न कोई शिकायत, न कोई बहाना।

दादी से उनके बारे में पूछो तो वह भी उनके सोने के किस्से सुनाती हैं।

कहती हैं, बचपन से ही ऐसा है। लेकिन सच बताऊँ, मैंने तो उन्हें कभी ठीक से सोते हुए देखा ही नहीं।

कभी रात में अचानक नींद खुल जाए और आवाज लगा दो, “पापा!”

उधर से तुरंत आवाज आती है, “हाँ बेटा!”

ऐसा लगता है जैसे वह सोए ही नहीं थे, बस हमारे आवाज लगाने का इंतजार कर रहे थे।

और पापा लोगों की कुछ और खूबियाँ भी होती हैं, जिनका कोई वैज्ञानिक स्पष्टीकरण आज तक नहीं मिला।

मसलन, पापा को व्हाट्सएप पर मैसेज कर दीजिए।

जवाब इतनी जल्दी आएगा कि कई बार तो लगता है कि मैसेज भेजने से पहले ही पापा ने पढ़ लिया था।

वह घर पर हों, ऑफिस की मीटिंग में हों, किसी जरूरी काम में व्यस्त हों या गाड़ी चला रहे हों, पापा का जवाब आ जाएगा।

कभी-कभी तो हम खुद अपना भेजा हुआ मैसेज दोबारा

खोलकर देखते हैं कि इतनी जल्दी जवाब कैसे आ गया!

और फोन पर कॉल कर दीजिए तो अगली घंटी पूरी होने से पहले फोन उठा लेंगे।

ऐसा लगता है जैसे फोन हाथ में लेकर ही बैठे रहते हैं। दुनिया में कोई नेटवर्क हो या न हो, पापा तक

हमारी कॉल जरूर पहुँच जाती है।

कभी फोन उठाते ही पूछेंगे, “हाँ बेटा, बोलो!”

और हम सोचते रह जाते हैं कि आखिर पापा को कैसे पता चल जाता है कि इस वक्त हमें उनकी जरूरत पड़ सकती है?

एक और रहस्य है पापा लोगों का, जो शायद अर्थशास्त्र के विद्यार्थियों को शोध का विषय बनाना चाहिए।

पापा के पास पैसे कभी खत्म नहीं होते!

बचपन से लेकर आज तक मेरी इच्छाएँ और पापा के पैसे एक-दूसरे के समानुपातिक रहे हैं।

मेरी इच्छाएँ जितनी बढ़ती गईं, पापा के पैसे भी उतने ही बढ़ते गए। बल्कि मेरी इच्छाएँ कभी-

कभी खत्म हो सकती हैं, लेकिन पापा के पैसे खत्म होने का नाम ही नहीं लेते।

बचपन में खिलौना चाहिए, स्कूल की फीस चाहिए, साइकिल चाहिए, फिर कॉलेज की फीस, फिर

कोई नया फोन, फिर कोई और जरूरत… हर बार लगता था कि पापा के पास पैसे कहाँ से आएँगे?

लेकिन पापा हर बार इंतजाम कर लेते थे।

हमने कभी यह नहीं सोचा कि उस पैसे के इंतजाम में उन्होंने अपनी कौन-सी इच्छा छोड़ी होगी।

कौन-सी जरूरत टाली होगी। किस खर्च में कटौती की होगी। कितनी बार अपने लिए कुछ

खरीदने का विचार सिर्फ इसलिए छोड़ दिया होगा कि बच्चे की इच्छा पूरी करनी है।

हमारे लिए पैसे का मतलब था, पापा से माँगना।

पापा के लिए पैसे का मतलब था, हमारी जरूरत पूरी करना।

और मजे की बात यह कि पापा कभी यह नहीं बताते कि उनके पास कितने पैसे बचे हैं।

बस इतना कहते हैं, “देख लेंगे बेटा, हो जाएगा।”

यह ‘हो जाएगा’ दुनिया का सबसे भरोसेमंद वाक्य है।

इसमें बैंक बैलेंस नहीं दिखता, लेकिन बच्चों का पूरा भविष्य सुरक्षित दिखाई देता है।

कभी-कभी मन में सवाल आता है कि क्या पापा को थकान नहीं होती?

क्या उनकी आँखों में नींद नहीं आती? क्या उनका भी मन नहीं करता कि किसी सुबह देर तक सोएँ, कोई उन्हें

जगाए नहीं, कोई उनसे चाय न माँगे, कोई जिम्मेदारी उनके सिर पर न हो?

आखिर उनके शरीर को भी तो आराम चाहिए। उनके भी तो अपने शौक होंगे, अपनी इच्छाएँ होंगी।

कभी उनका भी मन करता होगा कि सुबह उठकर कहीं घूमने जाएँ, दोस्तों के साथ

बैठें, अखबार पढ़ते हुए आराम से चाय पिएँ या बस कुछ देर अपने लिए जिएँ।

लेकिन पापा के हिस्से में शायद यह सब बाद में आता है।

पहले घर के बाकी लोगों की जरूरतें, फिर उनकी अपनी जरूरतें।

बचपन में स्कूल जाने के लिए हम सोते रहते थे और पापा कई बार दो-तीन आवाज लगा चुके होते थे।

कभी चादर खींच देते थे, कभी कहते थे, “जल्दी उठो, देर हो रही है।” उस समय

लगता था कि पापा सुबह-सुबह क्यों परेशान करते हैं।

आज समझ आता है कि हमारे स्कूल पहुँचने से पहले उनकी आधी सुबह बीत चुकी होती थी।

हमारे टिफिन में क्या जाएगा, स्कूल की बस छूट न जाए, फीस की तारीख निकल न जाए, जूते पॉलिश हैं या नहीं,

साइकिल में हवा है या नहीं… उन्हें हमारी उन छोटी-छोटी बातों की भी

फिक्र रहती थी, जिनके बारे में हमें खुद याद नहीं रहता था।

और यह सिलसिला सिर्फ बचपन तक नहीं चलता।

हम बड़े हो जाते हैं, नौकरी करने लगते हैं, दूसरे शहरों में रहने लगते हैं,

शादी हो जाती है, बच्चे हो जाते हैं। लेकिन पापा की आदतें नहीं बदलतीं।

हम घर पहुँचने में देर कर दें तो फोन आता है, “कहाँ पहुँचे?

खाना खाया? गाड़ी ठीक से चला रहे हो न?”

हम कहते हैं, “पापा, अब बड़े हो गए हैं।”

लेकिन उनके लिए हम शायद आज भी वही बच्चे हैं, जिन्हें सुबह उठाकर स्कूल भेजना पड़ता था।

एक बात और बड़ी अजीब है। पापा कभी अपनी थकान का हिसाब नहीं रखते।

पूरे दिन काम करके आएँगे, फिर भी घर का कोई काम निकल आए तो उठ खड़े होंगे। बाजार से कुछ

लाना है, बिजली वाले को बुलाना है, बैंक जाना है, किसी को स्टेशन छोड़ना है

… पापा के लिए जैसे कोई काम छोटा या बड़ा होता ही नहीं।

लेकिन जब उनसे कह दो कि पापा आप बैठिए, हम कर लेंगे,

तो अक्सर जवाब मिलता है, “अरे, रहने दो, मैं कर दूँगा।”

जैसे घर के कामों से उन्हें नहीं, बल्कि घर को उनसे आराम मिलता हो।

कभी मम्मी से पूछिए कि पापा सुबह कितने बजे उठते हैं, तो शायद वह भी मुस्कुराकर कहेंगी कि

मुझे तो इनके उठने के बाद ही पता चलता है कि सुबह हो गई है।

और मजे की बात देखिए, पापा खुद चाय बनाकर मम्मी को देते हैं, लेकिन कभी-कभी मम्मी की बनाई

चाय में कमी निकालने का अधिकार भी उन्हीं के पास सुरक्षित रहता है। मम्मी

कहती हैं, “आज चाय कैसी बनी है?” तो पापा कहते हैं, “ठीक ही है।”

जिन्होंने जिंदगी भर चाय बनाई, उन्हें भी अपनी बनाई चाय की तारीफ कभी नहीं चाहिए होती।

शायद पापा होना ही कुछ ऐसा है।

उम्र बढ़ने के साथ उनकी नींद कम नहीं होती, उनकी जिम्मेदारियाँ बढ़ती जाती हैं।

वह अलार्म से नहीं जागते, घर की फिक्र उन्हें जगा देती है। उन्हें याद रहता है कि किसे कितने बजे जाना

है, किसकी फीस जमा करनी है, किसकी दवा खत्म हो गई है, किसे आज जल्दी उठना है।

हमारी नींद पूरी हो जाए, इसलिए शायद वह अपनी नींद अधूरी छोड़ देते हैं।

और हममें से कितने लोग हैं जो कभी उनके कमरे में जाकर पूछते हैं कि पापा, आप ठीक से सोए थे न?

आपकी कमर में दर्द तो नहीं है? आज आप चाय रहने दीजिए, हम बना देते हैं।

हम माँ के लिए तो अक्सर कह देते हैं कि उन्हें आराम करने दो, लेकिन पापा के आराम के

बारे में शायद ही कभी सोचते हैं। क्योंकि हमने उन्हें हमेशा मजबूत देखा है।

हमें लगता है कि उन्हें कुछ नहीं होता। वह थकते नहीं, टूटते नहीं, परेशान नहीं होते।

लेकिन सच तो यह है कि पापा भी इंसान हैं। उनकी भी आँखें थकती हैं, उनके भी पैर दुखते हैं,

उनका भी मन कभी उदास होता है। फर्क बस इतना है कि उन्होंने अपनी परेशानियों को

घर की दहलीज के बाहर छोड़ना सीख लिया होता है।

पापा की सबसे बड़ी विडंबना शायद यही है कि जिस उम्र में उन्हें सबसे ज्यादा आराम की जरूरत होती है,

उस उम्र में भी घर के लोग उन्हें सबसे ज्यादा जिम्मेदारियों में उलझा हुआ देखते हैं।

और सबसे अजीब बात जानते हैं क्या है?

जिस दिन पापा सुबह देर तक सो जाएँ, उस दिन घर के बाकी लोगों को

चिंता होने लगती है कि आज पापा अभी तक उठे क्यों नहीं!

जिन्होंने जिंदगी भर हमें जगाया, एक दिन उनके न उठने का ख्याल ही हमें बेचैन कर देता है।

काश! हम उनके रहते हुए ही समझ पाते कि उनकी सुबह कितनी कीमती है।

काश! कभी हम भी उनसे पहले उठकर उनके और मम्मी के लिए चाय बना देते। काश! कभी कहते कि

पापा, आज आप सो जाइए, सुबह हम संभाल लेंगे।

क्योंकि जिंदगी की सबसे बड़ी विडंबना यह है कि जब तक पापा घर में होते हैं, हमें उनकी मौजूदगी की आदत हो जाती है।

उनकी आवाज, उनके कदमों की आहट, सुबह रसोई में चाय के

बर्तन की खनक, दरवाजे खोलने-बंद करने की आवाज… सब कुछ इतना सामान्य लगता है कि हम कभी उसकी अहमियत समझ ही नहीं पाते।

फिर एक दिन वही सुबह होती है, वही घर होता है, वही रसोई होती है, लेकिन चाय बनाने के लिए पापा नहीं उठते।

फोन पास में रखा होता है, लेकिन उस पर वह जवाब नहीं आता जिसका इंतजार रहता था।

अब कोई यह कहने वाला नहीं होता कि “पैसों की चिंता मत करो, हो जाएगा बेटा।”

और तब समझ आता है कि वह सिर्फ चाय नहीं बनाते थे, वह हर सुबह अपने होने का एहसास कराते थे।

वह सिर्फ पैसे नहीं देते थे, हमारी छोटी-छोटी इच्छाओं को जीने लायक बनाते थे।

वह सिर्फ फोन नहीं उठाते थे, हमारे लिए हमेशा उपलब्ध रहते थे।

तब मन करता है कि कोई एक बार फिर से आवाज लगाए, “पापा!”

और उधर से वही पुरानी आवाज आए…

“हाँ बेटा!”शायद इसीलिए पापा लोगों की सुबह इतनी जल्दी होती है।

उन्हें अपने लिए नहीं, अपने परिवार के लिए जागने की आदत पड़ जाती है।

माँ की ममता अक्सर लोरी बनकर सुनाई देती है, लेकिन पिता का प्यार सुबह की उस पहली चाय में घुला होता है,

जिसे वह सबसे पहले उठकर अपने परिवार के लिए तैयार करते हैं।

आज घर में पापा हैं तो कभी उनसे यह जरूर पूछिएगा…

“पापा, आपको भी तो नींद आती होगी न? आप भी तो थकते होंगे न?

कभी आपका भी मन करता होगा कि कोई आपको भी सुबह उठाए नहीं?”

और अगर वह हमेशा की तरह मुस्कुराकर कह दें, “अरे नहीं बेटा, मेरी नींद तो पूरी हो जाती है…”

तो एक बार उनकी आँखों में जरूर देखिएगा।

हो सकता है, वहाँ आपको अपनी पूरी उम्र की अधूरी नींद दिखाई दे जाए।

और हाँ, अगली बार पापा को फोन कीजिए तो सिर्फ अपना काम बताने के लिए नहीं, कभी यूँ ही पूछ लीजिएगा…

“पापा, चाय पी ली आपने? आज आराम किया कि नहीं?”

क्योंकि जिस इंसान ने हमारी पूरी जिंदगी हमारी छोटी-छोटी जरूरतों का ध्यान रखने में गुजार दी,

कभी उसकी छोटी-छोटी जरूरतों का ध्यान रखना भी हमारी जिम्मेदारी है।

आखिर पापा भी तो किसी के बेटे हैं, किसी के पति हैं, किसी के अपने हैं… सिर्फ परिवार की जिम्मेदारियों का दूसरा नाम नहीं।

❤️ये लेख मैंने खुद के लिए ही लिखा है।
(  Sharad Kumar Tripathi की फेसबुक वॉल से साभार)

Keywords:

  • पिता का त्याग (Father’s Sacrifice)
  • पिता का प्यार (Father’s Love)
  • पापा की जिम्मेदारियां (Father’s Responsibilities)
  • पिता और परिवार (Father and Family)
  • पिता का संघर्ष (Father’s Struggle)
  • पिता का महत्व (Importance of Father)
See also  भगवान पक्षियों का पेट भरते हैं,मेरा घर भी बसाएंगे"... कलेक्टर से दिव्यांग की भावुक गुहार