नई दिल्ली।
सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव का असर सिर्फ आम आदमी की जेब पर ही नहीं पड़ता,
बल्कि देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के खजाने पर भी दिखाई देता है।
इसका ताजा उदाहरण सामने आया है। पिछले छह महीने में RBI के सोने के भंडार की डॉलर में कीमत करीब 9.32 अरब डॉलर घट गई।
मार्च 2026 में इसकी कीमत 115.40 अरब डॉलर थी, जो सितंबर में घटकर 106.08 अरब डॉलर रह गई।
भारतीय रुपये में देखें तो यह रकम हजारों करोड़ रुपये के बराबर बैठती है।
हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि RBI को वास्तव में इतना पैसा गंवाना पड़ा या उसने अपना सोना बेच दिया।
सोने की मात्रा में कोई कमी नहीं आई है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में गिरावट के कारण उसके भंडार का मूल्य कम हुआ है।
दिलचस्प बात यह है कि जब सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की जा रही थी,
उसी दौरान RBI ने विदेशों में रखे अपने सोने का बड़ा हिस्सा भारत वापस मंगाया।
मार्च से सितंबर 2026 के बीच 60.08 टन सोना देश में स्थानांतरित किया गया।
अब RBI के कुल स्वर्ण भंडार का 84 फीसदी से ज्यादा हिस्सा भारत में रखा है।
RBI की 25 नवंबर को जारी छमाही रिपोर्ट से ये आंकड़े सामने आए हैं।
इससे पता चलता है कि सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव और देश के स्वर्ण भंडार की सुरक्षा,
दोनों ही केंद्रीय बैंक की रणनीति के अहम पहलू हैं।
सोने का वजन नहीं सिर्फ कीमत घटी

RBI के आंकड़ों में सबसे दिलचस्प बात यह है कि मार्च और सितंबर 2026 के बीच सोने की कुल मात्रा 880.52 मीट्रिक टन पर स्थिर रही।
इसके बावजूद इसकी डॉलर में कीमत 115.40 अरब डॉलर से घटकर 106.08 अरब डॉलर हो गई।
यानी करीब 9.32 अरब डॉलर की कमी आई। यह गिरावट सोने की मात्रा में नहीं, बल्कि उसके बाजार मूल्यांकन में हुई है।
इसे ऐसे समझा जा सकता है। मान लीजिए किसी व्यक्ति ने एक साल पहले 10 लाख रुपये का सोना खरीदा था।
आज उसके पास सोने की मात्रा उतनी ही है, लेकिन बाजार भाव गिरने से उसकी कीमत 9 लाख रुपये रह गई।
उसने सोना बेचा नहीं, फिर भी उसके निवेश का बाजार मूल्य एक लाख रुपये कम हो गया।
RBI के मामले में भी कुछ ऐसा ही हुआ है।
उसके पास सोने की मात्रा बरकरार है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत कम होने से भंडार का डॉलर मूल्य घट गया।
छह महीने में सोने के भाव में करीब 9 फीसदी गिरावट

RBI की रिपोर्ट के मुताबिक अप्रैल 2026 में अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की औसत कीमत करीब 4,721 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस थी।
सितंबर तक यह घटकर लगभग 4,319 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस रह गई।
इस तरह अप्रैल से सितंबर के बीच कीमत में करीब 9 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
इस गिरावट के पीछे तीन प्रमुख कारण बताए गए हैं।
अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी: अमेरिकी सरकारी बॉन्ड पर मिलने वाला रिटर्न बढ़ने से निवेशकों के लिए सोने की तुलना में बॉन्ड आकर्षक हो सकते हैं।
डॉलर की मजबूती: डॉलर मजबूत होने पर अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों पर दबाव पड़ सकता है।
ब्याज दरों को लेकर सख्त रुख की उम्मीद: मौद्रिक नीति में सख्ती की आशंका से निवेशकों का रुझान सोने से दूसरे निवेश विकल्पों की तरफ जा सकता है।
आमतौर पर सोना संकट और अनिश्चितता के समय सुरक्षित निवेश माना जाता है।
लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि इसकी कीमत हमेशा बढ़ेगी।
ब्याज दरों, डॉलर और वैश्विक निवेश की दिशा में बदलाव का असर सोने पर भी पड़ता है।
880 टन से ज्यादा सोना, 740 टन भारत में

सोने की कीमत में गिरावट के साथ ही RBI की एक दूसरी रणनीति भी सामने आई है।
केंद्रीय बैंक लगातार विदेशों में रखे अपने सोने को भारत वापस ला रहा है।
सितंबर 2026 के अंत तक भारत के पास कुल 880.52 मीट्रिक टन सोना था।
इसमें से 740.13 टन सोना देश के भीतर रखा गया था।
शेष 140.39 टन सोना विदेशों में सुरक्षित रखा गया था।
विदेशों में रखा सोना मुख्य रूप से बैंक ऑफ इंग्लैंड और बैंक फॉर इंटरनेशनल सेटलमेंट्स (BIS) की कस्टडी में है।
कहां कितना सोना रखा गया?
सोने का भंडार मार्च 2026 सितंबर 2026
भारत में 680.05 टन 740.13 टन
विदेशों में 197.67 टन 140.39 टन
कुल सोना 880.52 टन 880.52 टन
घरेलू भंडार का हिस्सा 77.23% 84.06%
इस तरह छह महीने में 60.08 टन सोना विदेशों से भारत लाया गया।
मार्च में कुल भंडार का 77.23 फीसदी हिस्सा भारत में था, जो सितंबर में बढ़कर 84.06 फीसदी हो गया।
इसका मतलब है कि RBI ने नया सोना खरीदने के बजाय अपने मौजूदा भंडार को रखने की जगह बदली है।
आखिर विदेशों से सोना वापस क्यों ला रहा RBI?
