नई दिल्ली: टीवी के पॉपुलर अभिनेता और ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ फेम मोहसिन खान ने अपनी जिंदगी का नया अध्याय शुरू कर दिया है। अभिनेता ने सगाई कर ली है और सोशल मीडिया के जरिए अपनी मंगेतर तमन्ना को फैंस से रूबरू कराया है। मोहसिन ने सगाई की खूबसूरत तस्वीरें शेयर करने के साथ अपनी लव स्टोरी की झलक भी दी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें बधाइयां देने वालों का तांता लग गया।
मोहसिन खान ने की सगाई
मोहसिन खान ने इंस्टाग्राम पर अपनी सगाई की तस्वीरें साझा की हैं। तस्वीरों में अभिनेता अपनी मंगेतर तमन्ना के साथ बेहद खुश नजर आ रहे हैं। इस खास मौके पर मोहसिन ने ब्लैक सूट पहना, जबकि तमन्ना रेड गाउन में नजर आईं। दोनों की जोड़ी तस्वीरों में काफी खूबसूरत लग रही है।
मोहसिन की पोस्ट सामने आते ही उनके फैंस के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया यूजर्स और उनके करीबी लोग कपल को नई जिंदगी की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं।
‘कार्तिक’ को मिली अपनी रियल लाइफ ‘नायरा’
मोहसिन खान को सबसे ज्यादा लोकप्रियता टीवी शो ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ से मिली थी। शो में उन्होंने कार्तिक गोयनका का किरदार निभाया था। वहीं शिवांगी जोशी ने नायरा की भूमिका निभाई थी। दोनों की ऑनस्क्रीन जोड़ी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय रही।
शो के दौरान मोहसिन खान और शिवांगी जोशी के रिश्ते की खबरें भी खूब चर्चा में रही थीं। हालांकि, दोनों का रिश्ता आगे नहीं बढ़ सका। अब मोहसिन ने तमन्ना के साथ सगाई कर अपने फैंस को नई खुशखबरी दी है।
पहली मुलाकात को बताया खास
मोहसिन ने अपनी पोस्ट में तमन्ना के साथ रिश्ते को लेकर भावुक बातें लिखीं। उन्होंने पहली मुलाकात से लेकर पहली बार एक-दूसरे का हाथ थामने तक के सफर को बेहद खास बताया।
अभिनेता ने अपनी मंगेतर की खूबसूरती, आत्मविश्वास और संवेदनशीलता की तारीफ करते हुए बताया कि उनकी मुस्कान, छोटी-छोटी शरारतें और जिंदगी को सकारात्मक नजरिए से देखने का अंदाज उन्हें काफी पसंद है।
मोहसिन के मुताबिक, पहली मुलाकात के बाद ही उन्हें महसूस हुआ था कि तमन्ना वही इंसान हैं, जिनकी उन्हें तलाश थी। उन्होंने अपने रिश्ते को लेकर यह भी संकेत दिया कि शायद दोनों का मिलना किस्मत में पहले से ही लिखा था।
शादी को लेकर बढ़ी फैंस की उत्सुकता
सगाई की तस्वीरें सामने आने के बाद अब फैंस मोहसिन खान और तमन्ना की शादी की तारीख को लेकर उत्सुक हैं। हालांकि, फिलहाल कपल की ओर से शादी की तारीख को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
मोहसिन ने अपनी पोस्ट में इस रिश्ते को प्यार, दोस्ती और खूबसूरत यादों से भरी जिंदगी की शुरुआत बताया है। उनकी रोमांटिक पोस्ट और सगाई की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।