अवैध रेत पर ग्रामीणों का एक्शन: चालक की पिटाई, बिना रॉयल्टी तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

सीहोर के भेरूंदा में अवैध रेत परिवहन के विरोध में ग्रामीणों ने ट्रैक्टर रोके। विवाद में चालक की पिटाई का वीडियो वायरल हुआ। प्रशासन ने बिना रॉयल्टी रेत ले जा रहे तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए।

कन्हैया नाथ, भेरूंदा।

सीहोर जिले के भेरूंदा क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा आखिरकार सड़क पर उतर आया।

बिना रॉयल्टी रेत लेकर गुजर रही ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रोकने के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि एक चालक की पिटाई हो गई।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सड़कें टूटीं, बच्चों की सुरक्षा पर खतरे का आरोप

घटना छापरी, निमोटा, बबलीखेड़ा और सनकोटा मार्ग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि रोजाना बड़ी संख्या में रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली कच्चे रास्तों bherundaसे गुजरते हैं।

इससे सड़कें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो रही हैं।

गांव से आने-जाने वाले लोगों, खासकर स्कूली बच्चों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है।

प्रशासन ने की कार्रवाई, तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे।

जांच के दौरान बिना रॉयल्टी रेत परिवहन करते पाए गए तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर उन्हें लाड़कुई चौकी में खड़ा कराया गया।

स्थायी कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत परिवहन का कारोबार जारी है।

उनका कहना है कि समय-समय पर होने वाली कार्रवाई के बावजूद यह धंधा नहीं रुक रहा।

ऐसे में ग्रामीणों ने प्रशासन से केवल जब्ती नहीं, बल्कि अवैध रेत परिवहन पर स्थायी और प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।