दतिया में भाजपा का ‘टिकट तूफान’: नरोत्तम मिश्रा का पत्ता कटा, जिलाध्यक्ष समेत पूरी टीम ने दिया इस्तीफा

दतिया उपचुनाव में नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने पर भाजपा में बगावत हो गई। जिलाध्यक्ष समेत कई पदाधिकारियों ने इस्तीफा दिया, जबकि समर्थकों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन और नारेबाजी की।

भोपाल/दतिया।

दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी की घोषणा के साथ ही पार्टी में बड़ा सियासी संकट खड़ा हो गया है। पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद दतिया भाजपा में खुली बगावत सामने आई। विरोध स्वरूप भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाहा समेत जिला इकाई के कई पदाधिकारियों ने अपने इस्तीफे सौंप दिए, जबकि बड़ी संख्या में समर्थक सड़क पर उतर आए।

कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय के मुख्य मार्ग पर जाम लगाकर पार्टी नेतृत्व के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने फैसले को दतिया की उपेक्षा बताते हुए विरोध दर्ज कराया। दतिया में कांग्रेस विधायक की सदस्यता समाप्त होने के बाद उपचुनाव कराया जा रहा है।

भाजपा ने आशुतोष तिवारी पर लगाया दांव

भाजपा ने शुक्रवार शाम पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की जगह वरिष्ठ नेता आशुतोष तिवारी को उपचुनाव का उम्मीदवार घोषित कर सभी को चौंका दिया। तिवारी वर्तमान में भाजपा प्रदेश संगठन में विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी हैं। इससे पहले वे ग्वालियर और भोपाल संभाग में संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं तथा मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

नरोत्तम की तैयारी पूरी, लेकिन ऐलान ने बदला माहौल

डॉ. नरोत्तम मिश्रा को उपचुनाव का सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा था। टिकट मिलने की उम्मीद में वे पिछले कई दिनों से दतिया में लगातार सक्रिय थे। उन्होंने विभिन्न सामाजिक संगठनों और समाजों के प्रतिनिधियों से बैठकें की थीं।

शुक्रवार शाम भी वे क्षत्रिय समाज की एक बैठक में शामिल हुए थे। इसी दौरान भाजपा की उम्मीदवार सूची जारी हुई और आशुतोष तिवारी के नाम की घोषणा होते ही समर्थकों में नाराजगी फैल गई। इसके बाद विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया।

उपचुनाव से पहले बढ़ी भाजपा की चुनौती

दतिया में टिकट वितरण को लेकर उपजा असंतोष भाजपा के लिए उपचुनाव से पहले बड़ी राजनीतिक चुनौती माना जा रहा है। अब पार्टी नेतृत्व के सामने नाराज कार्यकर्ताओं और नेताओं को मनाने की जिम्मेदारी होगी, ताकि चुनावी नुकसान से बचा जा सके।