महिला टी-20 वर्ल्ड कप: दीप्ति का ‘पंजा’, पाकिस्तान पस्त: भारत ने 64 रन से दर्ज की धमाकेदार जीत

महिला टी-20 वर्ल्ड कप में भारत ने पाकिस्तान को 64 रन से हराया। स्मृति मंधाना के 68 रन और दीप्ति शर्मा की 10 रन देकर 5 विकेट की घातक गेंदबाजी जीत की मुख्य वजह रही।

6

बर्मिंघम,(एजेंसी)।
महिला टी-20 वर्ल्ड कप में भारत ने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 64 रन से हराकर अपने अभियान को शानदार मजबूती दी।

एजबेस्टन में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 170 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई।

भारत की जीत की सबसे बड़ी नायिका रहीं दीप्ति शर्मा, जिन्होंने सिर्फ 10 रन देकर 5 विकेट झटके और पाकिस्तान की उम्मीदों को एक झटके में धराशायी कर दिया।

मंधाना-हरमनप्रीत की साझेदारी ने रखी जीत की नींव

भारत की शुरुआत लड़खड़ाई और टीम ने शुरुआती दो विकेट 18 रन के भीतर गंवा दिए। इसके बाद स्मृति मंधाना (68) और कप्तान हरमनप्रीत कौर (36) ने मोर्चा संभाला। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 91 रन की अहम साझेदारी हुई।

मंधाना ने अपनी पारी में 9 चौके और 2 छक्के लगाए, जबकि अंत में ऋचा घोष ने 17 गेंदों पर 34 रन की तूफानी पारी खेलकर भारत को 170 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

पाकिस्तान की तेज शुरुआत, फिर बिखर गई पूरी टीम

171 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने आक्रामक शुरुआत की। मुनीबा अली और गुल फिरोजा ने पहले विकेट के लिए 38 रन जोड़े। पावरप्ले में पाकिस्तान ने 52 रन बनाए, जो महिला टी-20 वर्ल्ड कप में उसका सर्वश्रेष्ठ पावरप्ले स्कोर रहा।

लेकिन मुनीबा अली के रनआउट होते ही मैच का रुख बदल गया। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाया और पाकिस्तान की बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई।

दीप्ति का कहर, एक ओवर में पलटा मैच

मैच का निर्णायक मोड़ 17वां ओवर साबित हुआ। दीप्ति शर्मा ने इस ओवर में तीन विकेट लेकर पाकिस्तान की आखिरी उम्मीदें भी खत्म कर दीं। उन्होंने आलिया रियाज, तस्मिया रुबाब और नशरा संधू को आउट कर मैच भारत की झोली में डाल दिया।

पाकिस्तान के आखिरी पांच विकेट महज 17 रन के भीतर गिर गए और टीम 106 रन पर ऑलआउट हो गई।

. भारत की जीत के सितारे
. स्मृति मंधाना: 68 रन
. हरमनप्रीत कौर: 36 रन
. ऋचा घोष: 34 रन (17 गेंद)
. दीप्ति शर्मा: 5 विकेट, 10 रन
. श्री चरणी: 3 विकेट