रुझानों में रंग,जश्न में स्वाद: कहीं झालमुड़ी,कहीं जलेबी-दक्षिण में नई सियासी धुन

104

कोलकाता/चेन्नई।
कोलकाता से चेन्नई तक चुनावी रुझानों ने सियासत का मूड बदल दिया है-कहीं जश्न के रंग गहरे हो रहे हैं, तो कहीं सन्नाटा छा गया है।

पश्चिम बंगाल में भाजपा की बढ़त ने माहौल पलट दिया है, जबकि दक्षिण भारत में नई राजनीतिक कहानी लिखती नजर आ रही है।

बंगाल: बढ़त के साथ बदला माहौल

पश्चिम बंगाल में काउंटिंग के बीच भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) कार्यकर्ताओं ने कोलकाता में झालमुड़ी बांटकर जश्न मनाना शुरू कर दिया है।

बता दें कि प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक दुकान पर रुककर झालमुड़ी खरीदी। उनका यह वीडियो खूब वायरल हुआ।

वहीं तृणमूल कांग्रेस (TMC) के दफ्तर के बाहर सन्नाटा पसरा दिखा।

दिल्ली: जलेबी और जश्न की तैयारी

दिल्ली में भाजपा मुख्यालय पर जलेबी बनाकर जश्न की तैयारियां तेज हो गईं।

राष्ट्रीय राजधानी में भाजपा मुख्यालय पर बैंड-बाजा और मिठाइयों के साथ उत्सव का माहौल बन रहा है।

पीएम नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के शाम तक पहुंचने की संभावना के चलते कार्यकर्ताओं में खास उत्साह देखा गया।

तमिलनाडु: ‘विजय’ की एंट्री से बदला गेम

चेन्नई में द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (DMK) के अन्ना अरिवालयम कार्यालय में शुरुआती जश्न के बाद अब सन्नाटा नजर आने लगा है।

शुरुआती रुझानों के साथ ही डीएमके कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय में लगे टेंट समेटना शुरू कर दिया।

वहीं अभिनेता-राजनेता विजय  की पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम  (TVK) शानदार प्रदर्शन करते हुए नई ताकत बनकर उभर रही है.

समर्थक मिठाइयां बांटकर जश्न मना रहे हैं।

टीवीके कार्यकर्ताओं ने सीटी बजाकर अपनी खुशी का इजहार किया।

केरल: कांग्रेस खेमे में खुशी

केरल में कांग्रेस (INC) के नेतृत्व वाला UDF गठबंधन बढ़त में दिख रहा है।

तिरुवनंतपुरम में केक काटकर जश्न मनाया गया, जिसमें शशि थुरूर( Shashi Tharoor) समेत कई बड़े नेता शामिल हुए।

असम: दिग्गजों पर दबाव
असम में भाजपा बहुमत की ओर बढ़ती नजर आ रही है, जबकि कांग्रेस नेता गौरव गगोई (Gaurav Gogoi) अपनी सीट पर पीछे चल रहे हैं।

कुल मिलाकर, इन चुनावी रुझानों ने साफ कर दिया है कि देश की राजनीति में क्षेत्रीय स्वाद और नए चेहरे दोनों ही निर्णायक भूमिका निभा रहे हैं-कहीं झालमुड़ी, कहीं जलेबी, तो कहीं ‘विजय’ की नई पटकथा।