छत्तीसगढ़ में सक्ती जिले के सिंघनतराई गांव स्थित वेदांता पावर प्लांट में सोमवार दोपहर हुए भीषण बॉयलर ब्लास्ट ने पूरे इलाके को दहला दिया। हादसे में अब तक 10 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि कई गंभीर रूप से झुलसे मजदूर अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
कुछ घंटों में बढ़ता गया मौत का आंकड़ा
शुरुआत में 3 मौतों की खबर सामने आई थी, लेकिन जैसे-जैसे राहत कार्य आगे बढ़ा, आंकड़ा तेजी से बढ़कर 10 तक पहुंच गया। कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
बॉयलर ट्यूब फटने से मचा कोहराम
पुलिस अधीक्षक प्रफुल ठाकुर के मुताबिक, हादसा बॉयलर के ट्यूब फटने से हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि प्लांट में काम कर रहे मजदूरों में भगदड़ मच गई। कुछ मजदूर अंदर ही फंस गए, जिन्हें निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
40 से ज्यादा मजदूर थे मौके पर मौजूद
हादसे के वक्त प्लांट में करीब 40–50 मजदूर काम कर रहे थे। दोपहर करीब 2 बजे हुए इस विस्फोट के बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस, दमकल और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
घायलों को हायर सेंटर रेफर, हालत गंभीर
झुलसे मजदूरों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई को गंभीर स्थिति में हायर सेंटर रेफर किया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, कई की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
सीएम का ऐलान: होगी सख्त जांच, दोषियों पर कार्रवाई
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं और कहा है कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।