मप्र में 1 लाख नए किसानों के बनेंगे KCC कार्ड,उड़द पर मिलेगा बोनस: CM

235

रवि अवस्थी,भोपाल।
राजधानी में आयोजित ‘कृषि वर्ष 2026’ कार्यशाला में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए कई अहम घोषणाएं कीं।

उन्होंने कहा कि सरकार खेती को लाभ का धंधा बनाने के लिए फसल उत्पादन, पशुपालन, सिंचाई और तकनीक से जुड़े कई कदम उठा रही है।

उड़द की खेती को मिलेगा प्रोत्साहन

प्रदेश में दलहन उत्पादन बढ़ाने के लिए ग्रीष्मकालीन उड़द की खेती करने वाले किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य के अलावा ₹600 प्रति क्विंटल बोनस दिया जाएगा। इससे उड़द का प्रभावी मूल्य करीब ₹8400 प्रति क्विंटल तक पहुंच सकता है।

1 लाख नए किसान क्रेडिट कार्ड जारी होंगे

सरकार किसानों को सस्ता ऋण उपलब्ध कराने के लिए 0% ब्याज पर फसल ऋण देने की योजना पर काम कर रही है। सहकारिता विभाग ने इसके लिए ₹25 हजार करोड़ का लक्ष्य तय किया है। साथ ही प्रदेश में 1 लाख नए किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) जारी किए जाएंगे।

₹5 में मिलेगा कृषि पंप कनेक्शन

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में किसानों को सिर्फ ₹5 में कृषि पंप का बिजली कनेक्शन दिया जा रहा है। छोटे किसानों और अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के किसानों के 5 एचपी तक के पंपों का बिजली बिल भी सरकार वहन करेगी।

खेती के साथ बढ़ेंगे आय के अन्य स्रोत

सरकार किसानों को खेती के साथ पशुपालन, मधुमक्खी पालन और मत्स्य पालन से जोड़ने पर भी जोर दे रही है। नई मत्स्य नीति के तहत बड़े जलाशयों में 1 लाख केज लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे मछली उत्पादन और किसानों की आय दोनों बढ़ेंगे।

हाई-वैल्यू फसलों पर 50% सब्सिडी

ड्रैगन फ्रूट, स्ट्रॉबेरी, एवोकाडो और ब्रोकली जैसी उच्च मूल्य की फसलों को बढ़ावा देने के लिए किसानों को 50% तक अनुदान दिया जाएगा।

प्रदेश को ‘मिल्क कैपिटल’ बनाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए नस्ल सुधार और कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम को बढ़ावा दे रही है। इसके साथ ही दूध के दाम में ₹5 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है, जिससे पशुपालकों की आय बढ़ेगी।

उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे सरकार की योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाएं, ताकि किसानों को इनका पूरा लाभ मिल सके।

मंच पर ये रहे मौजूद:
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ भाजपा के मप्र प्रभारी महेंद्र सिंह, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला और जगदीश देवड़ा सहित मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, एदल सिंह कंसाना, करण सिंह वर्मा, विश्वास सारंग, कृष्णा गौर, विजय शाह, लखन पटेल, गौतम टेटवाल, राकेश शुक्ला, नारायण सिंह कुशवाह, दिलीप अहिरवार, नारायण सिंह पंवार, राधा सिंह, तुलसी सिलावट और धर्मेंद्र सिंह लोधी मौजूद रहे।

Google Search

Boys Hostel in Bhopal