छतरपुर : एंबुलेंस का इंतजार और टूटती सांसें; बेटे की गोद में थम गई जिंदगी

छतरपुर।

समय पर एंबुलेंस न मिलने की कीमत एक परिवार ने अपनों की आंखों के सामने चुकाई।  राजनगर थाना क्षेत्र के तालगांव निवासी 65 वर्षीय जगदीश विश्वकर्मा की हार्ट अटैक से मौत हो गई।

बेटा रास्ते भर सीपीआर देता रहा

बेटा संतोष उन्हें लोडर वाहन में अस्पताल ले जा रहा था और रास्ते भर सीपीआर देता रहा, लेकिन ट्रैफिक जाम और देरी ने जिंदगी की डोर तोड़ दी।

बताया गया कि ग्राम बरकोंहा के पास अचानक सीने में तेज दर्द और सांस लेने में दिक्कत शुरू हुई।

एंबुलेंस को फोन किया गया, लेकिन वह मौके पर नहीं पहुंची। मजबूरन परिजन एक लोडर से जिला अस्पताल के लिए निकले।

यह भी पढ़ें..  विधायक का विरोध शीर्षासन–Click

“पापा, आंखें खोलिए…और टूट गई सांस”

चलती गाड़ी में संतोष अपने पिता की छाती दबाता रहा, उन्हें आवाज देता रहा—“पापा, आंखें खोलिए…” लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

शहर में ट्रैफिक जाम के कारण वाहन रुक-रुक कर चलता रहा। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

ड्यूटी डॉक्टर डॉ. अदिति अग्रवाल के अनुसार, अस्पताल लाने से पहले ही उनकी मृत्यु हो चुकी थी।

प्रारंभिक तौर पर कारण हार्ट अटैक माना गया है। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम नहीं कराया।

परिवार में पांच भाई-बहनों में संतोष इकलौता बेटा है।

दो बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि तीन अविवाहित हैं। पिता के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

यह भी पढ़ें..  विधानसभा में खुली आनंदधाम की ‘जमीन कहानी’Click

किस ग्रह पर चल रही हैं  एंबुलेंस: जीतू पटवारी

https://twitter.com/jitupatwari/status/2027375380106277092

 

मामले को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर सरकार पर सवाल उठाए।

उन्होंने पूछा, “900 करोड़ रुपए की एंबुलेंस आखिर किस ग्रह पर चल रही हैं?”

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि एयर एंबुलेंस की बात करने वाली सरकार जमीन पर साधारण एंबुलेंस तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है।

इस घटना ने आपात स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है—क्या समय पर मदद मिलती तो एक जिंदगी बच सकती थी?

यह भी पढ़ें..  ज्यादा तेज खर्राटे खतरे की घंटी,मप्र में ही सुलभ है कारगर इलाज–Click

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *